चाय में केमिकल मिलाने का पति ने लगाया आरोप तो सामने आकर पत्नी ज्योति गुप्ता ने वशीकरण वााली कहानी बता दी

रंजय सिंह

29 Jul 2026 (अपडेटेड: 29 Jul 2026, 12:30 PM)

Kanpur Slow Poison Case: कानपुर के चर्चित स्लो पॉइजन केस में नया मोड़ आया है. पत्नी ज्योति गुप्ता ने पति के आरोपों को झूठा बताते हुए अफेयर, साजिश और फर्जी वीडियो का दावा किया. अब पुलिस दोनों पक्षों के सबूतों की निष्पक्ष जांच कर रही है.

Kanpur News

Kanpur News

Google CTA

कानपुर के रहने वाले एक CA हिमांशु गुप्ता ने अपनी पत्नी ज्योति पर चाय में स्लो पॉयजन मिलाकर हत्या करने की साजिश का आरोप लगाया था. लेकिन अब इस मामले में एक नया मोड़ आ गया है. ज्योति गुप्ता ने यूपी Tak से एक्सक्लूसिव बातचीत में पति हिमांशु के सभी दावों को सिरे से खारिज कर दिया है. ज्योति का आरोप है कि उनका पति बेंगलुरु की एक महिला से अफेयर चला रहा है और दूसरी शादी करने के लिए उन्हें झूठे मामले में फंसा रहा है. पत्नी का दावा है कि चाय में कोई केमिकल नहीं बल्कि सास के साथ रिश्ते सुधारने के लिए पति के ही कहने पर हल्दी और लौंग मिलाई थी. इस दौरान उन्हें अंदाजा नहीं था कि किचन में हिडन कैमरा लगाया गया है. 

यह भी पढ़ें...

पति के कहने पर मिलाई थी लौंग और हल्दी-ज्योति गुप्ता

पति द्वारा जारी किए गए सीसीटीवी फुटेज पर सफाई देते हुए ज्योति गुप्ता ने बताया कि चाय में कोई जहरीला या रासायनिक पदार्थ नहीं मिलाया जा रहा था. ज्योति का दावा है कि शादी के बाद सास के साथ उनकी अनबन रहती थी. सास से रिश्ते सुधारने और घर में बॉन्डिंग बेहतर करने के लिए उनके पति हिमांशु ने ही उन्हें इंस्टाग्राम पर तांत्रिक व वशीकरण से जुड़े वीडियो भेजे थे. पति के कहने पर ही उन्होंने चाय में हल्दी और लौंग मिलाई थी. ज्योति का आरोप है कि पति ने उन्हें झांसे में रखकर छुपकर यह वीडियो रिकॉर्ड कर लिया ताकि उन्हें फंसाया जा सके.

1 लाख कमाने वाली लड़की से अफेयर की वजह से रचा षड्यंत्र

ज्योति गुप्ता ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि उनके पति हिमांशु का बेंगलुरु की एक लड़की से अफेयर चल रहा है. वह उससे शादी करना चाहते हैं और इसीलिए लगातार तलाक का दबाव बना रहे थे. जब उन्होंने तलाक देने से मना किया तो पति ने साजिश के तहत यह मनगढ़ंत कहानी रची. ज्योति के भाई शुभम गुप्ता का भी कहना है कि शादी में 70 से 75 लाख रुपये खर्च किए गए थे जिसके बाद से ही पति और ससुराल वाले लगातार रुपयों की मांग कर प्रताड़ित कर रहे थे.

डेढ़ साल पुराना है वीडियो

ज्योति के मुताबिक, यह वीडियो हाल-फिलहाल का नहीं बल्कि लगभग डेढ़ साल पुराना है. जब ससुराल वालों के उत्पीड़न से तंग आकर उन्होंने पति और उनके परिवार पर दहेज व अन्य धाराओं में 5 मुकदमे दर्ज करवाए जिनमें से 2 मामलों में पुलिस की चार्जशीट भी लग चुकी है. साथ ही अदालत में एकतरफा सुनवाई की स्थिति बनी तब अपने बचाव में पति ने डेढ़ साल पुराने इस वीडियो को मीडिया में जारी कर दिया. ज्योति ने सवाल उठाया कि अगर डेढ़ साल पहले जहर दिया जा रहा था तो उस वक्त मेडिकल जांच क्यों नहीं कराई गई?

'हमारे पास पति के भेजे वीडियो और मैसेज के सारे सबूत'

ज्योति के भाई शुभम गुप्ता ने बताया कि उनकी बहन सरकारी अस्पताल में लैब टेक्निशियन के रूप में ब्लड और यूरिन टेस्ट का काम करती है न कि किसी केमिकल का. शुभम के अनुसार, हिमांशु द्वारा अपनी ही इंस्टाग्राम आईडी से भेजे गए तांत्रिक उपाय वाले वीडियो, व्हाट्सएप चैट और रिकॉर्डिंग्स का पूरा डेटा उनके पास सुरक्षित है जिसे वे पुलिस जांच में पेश करेंगे.

क्या है पूरा मामला

रावतपुर के रहने वाले पीड़ित हिमांशु गुप्ता पेशे से चार्टर्ड अकाउंटेंट हैं. हिमांशु की शादी जनवरी 2024 में ज्योति गुप्ता के साथ हुई थी. ज्योति एक सरकारी अस्पताल में लैब टेक्निशियन के पद पर कार्यरत है. हिमांशु का आरोप है कि शादी के बाद से ही उनकी पत्नी का व्यवहार पूरे परिवार के प्रति काफी असामान्य था. कुछ समय बाद अचानक पहले उनके पिता की तबीयत खराब हुई. फिर मां की और उसके बाद खुद हिमांशु की सेहत बिगड़ने लगी. जब तीनों लोगों के शरीर में एक जैसे गंभीर लक्षण दिखाई दिए तो हिमांशु को खाने-पीने में किसी साजिश की आशंका हुई.

पीड़ित पति का आरोप है कि उनकी पत्नी ज्योति अक्सर क्राइम पेट्रोल और आपराधिक मानसिकता वाले वेब शो देखा करती थी. आरोप है कि वह अपने अस्पताल की लैब से जहरीले और नशीले रसायन चुपके से घर लाती थी और उन्हें चाय या खाने में मिला देती थी. जब शक गहराया तो हिमांशु ने बिना किसी को बताए घर के कमरों और किचन में सीक्रेट कैमरे इंस्टॉल करवा दिए.

हिमांशु के मुताबिक, जब सीसीटीवी फुटेज की जांच की गई तो उसमें चौंकाने वाला खुलासा हुआ. कैमरों की रिकॉर्डिंग में आरोपी पत्नी चाय बनने के बाद उसमें अलग से किसी शीशी से कोई केमिकल मिलाती हुई साफ दिखाई दी. इसके बाद जब हिमांशु ने अपने पूरे परिवार का मेडिकल चेकअप करवाया तो रिपोर्ट में भी शरीर के अंदर केमिकल के समान लक्षण पाए गए.

निष्पक्ष जांच पर टिकी निगाहें

पति-पत्नी के बीच मुकदमों और बयानों की इस जंग में फिलहाल पुलिस दोनों पक्षों की शिकायतों, सीसीटीवी फुटेज और पेश किए जा रहे सबूतों की जांच कर रही है. पुलिस का कहना है कि निष्पक्ष जांच के आधार पर ही आगे की विधिक कार्रवाई तय की जाएगी.