कानपुर के बर्रा इलाके से लव मैरिज का एक दर्दनाक मामला सामने आया है. यहां एक युवक ने कथित तौर पर अपनी पत्नी की हत्या करने के बाद खुद जान दे दी. घटना के बाद कमरे में पत्नी का शव फर्श पर पड़ा मिला, जबकि युवक का शव पंखे से लटका हुआ था. सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी.
ADVERTISEMENT
यह मामला बर्रा-7 के एसएस ब्लॉक का है. यहां दंपती कुछ दिन पहले ही किराए के मकान में रहने आए थे. पुलिस के मुताबिक, शुरुआती जांच में सामने आया है कि युवक ने पहले पत्नी का गला दबाकर हत्या की और इसके बाद खुद आत्मघाती कदम उठा लिया. हालांकि, मौत की वास्तविक वजह पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होगी.
पत्नी की मांग में सिंदूर मिला, फिर उठाया आत्मघाती कदम
फॉरेंसिक टीम ने कमरे की जांच के दौरान जमीन पर फैला सिंदूर बरामद किया. पास ही सिंदूर की डिब्बी भी पड़ी थी. महिला की मांग सिंदूर से भरी हुई थी. जबकि युवक के हाथ और पैरों पर भी सिंदूर के निशान मिले. पुलिस को आशंका है कि पत्नी की हत्या के बाद युवक ने उसकी मांग में सिंदूर भरा और फिर फंदे से लटककर जान दे दी.
तीन साल के अफेयर का हुआ दर्दनाक अंत
मृतकों की पहचान सचेंडी थाना क्षेत्र के कला का पुरवा गांव निवासी 22 वर्षीय सौरभ सविता उर्फ टोनी और 18 वर्षीय रानी उर्फ शालिनी के रूप में हुई है.
पुलिस जांच में पता चला कि दोनों के बीच करीब तीन साल से प्रेम संबंध थे. रिश्ते में दोनों चचेरे भाई-बहन लगते थे. परिवार की नाराजगी के बावजूद दोनों ने करीब तीन महीने पहले घर छोड़कर कोर्ट मैरिज की थी. इसके बाद दोनों दिल्ली में रह रहे थे.
करीब पांच दिन पहले दोनों कानपुर लौटे और बर्रा-7 स्थित एक होजरी कारोबारी के मकान की तीसरी मंजिल पर किराए का कमरा लेकर रहने लगे थे.
रोशनदान से दिखा कमरे का खौफनाक मंजर
मंगलवार दोपहर मकान की दूसरी मंजिल पर रहने वाली एक बुजुर्ग महिला छत पर कपड़े सुखाने गई थीं. इसी दौरान उनकी नजर कमरे के रोशनदान से अंदर पड़ी. कमरे में युवक का शव पंखे से लटका देख वह घबरा गईं और तुरंत मकान मालिक को इसकी जानकारी दी.
मकान मालिक ने पुलिस को सूचना दी. सूचना मिलते ही डीसीपी साउथ दीपेंद्र नाथ चौधरी, एसीपी नौबस्ता अभिषेक कुमार राहुल और बर्रा पुलिस मौके पर पहुंची. फॉरेंसिक टीम ने कमरे का दरवाजा तोड़कर अंदर प्रवेश किया. जांच के दौरान महिला का शव प्लास्टिक की चटाई पर पड़ा मिला, जबकि युवक का शव साड़ी के सहारे पंखे से लटका हुआ था.
परिवार ने रिश्ते में तनाव की आशंका जताई
रानी की मां पिंकी ने बताया कि घटना से कुछ समय पहले ही उनकी बेटी और दामाद से बातचीत हुई थी. बातचीत के दौरान उन्हें किसी विवाद का अंदाजा नहीं हुआ. उन्होंने आरोप लगाया कि कोर्ट मैरिज के बाद भी सौरभ के परिवार वाले रानी को स्वीकार नहीं कर रहे थे और दोनों पर अलग होने का दबाव बनाया जा रहा था.
पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट का इंतजार, पुलिस जांच में जुटी
डीसीपी साउथ ने बताया कि शुरुआती जांच में युवक द्वारा पत्नी की हत्या के बाद आत्महत्या किए जाने की संभावना सामने आई है. हालांकि, मामले के हर पहलू की जांच की जा रही है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट और परिजनों की शिकायत के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.
किरायेदार सत्यापन पर फिर उठे सवाल
पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि मकान मालिक को दोनों के बारे में ज्यादा जानकारी नहीं थी. बाइक नंबर के जरिए पुलिस ने सौरभ के परिवार से संपर्क किया. इस घटना के बाद एक बार फिर किरायेदारों के पुलिस सत्यापन की व्यवस्था पर सवाल उठे हैं. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही है.
ADVERTISEMENT











