झांसी के सतीश श्रीवास का था महफूज और मेहराज की मौसी से अफेयर... फिर युवक संग दोनों भाइयों ने जो किया चौंक जाएंगे

Jhansi Crime News: झांसी पुलिस ने सतीश श्रीवास हत्याकांड का किया खुलासा. मौसी से प्रेम संबंध और समाज में बदनामी के चलते भतीजों ने की थी हत्या. मुठभेड़ के बाद 20-20 हजार के तीन इनामी बदमाश गिरफ्तार.

Jhansi Crime News

अजय झा

10 Mar 2026 (अपडेटेड: 10 Mar 2026, 12:36 PM)

follow google news

Jhansi Crime News: झांसी के मऊरानीपुर में पूर्व पार्षद के बेटे सतीश श्रीवास की हत्या का सनसनीखेज खुलासा हुआ है. पुलिस ने इस मामले में 20-20 हजार रुपये के इनामी तीनों आरोपियों को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है. जांच में सामने आया कि मृतक का आरोपियों की मौसी से प्रेम संबंध था, जिसकी चर्चा पूरे इलाके में होने लगी थी. इससे नाराज होकर बदनामी से आहत भतीजों ने अपने दोस्त के साथ मिलकर सतीश श्रीवास की गोली मारकर हत्या कर दी थी.

यह भी पढ़ें...

पकड़ गए आरोपियों का नाम जानिए

पकड़े गए आरोपियों में महफूज पठान (22), मेहराज पठान (20) और अर्जुन उर्फ छोटू सोनकर (20) शामिल हैं. पुलिस के अनुसार 7 मार्च 2026 को सरस्वती शिशु मंदिर के पास मोटरसाइकिल सवार तीन युवकों ने पूर्व पार्षद के बेटे सतीश श्रीवास को गोली मार दी थी. गोली लगने से सतीश की मौके पर ही मौत हो गई थी. वारदात को अंजाम देने के बाद तीनों आरोपी मौके से फरार हो गए थे. घटना के बाद पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू कर दी थी और उन पर 20-20 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था.

9 और 10 तारीख की देर रात मऊरानीपुर थाना पुलिस ग्रामोदय ब्रिज के पास संदिग्ध वाहनों की चेकिंग कर रही थी. इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि सतीश श्रीवास हत्याकांड के आरोपी झांसी हाईवे की तरफ से बरियाबेर चौराहे होते हुए रानीपुर के रास्ते मध्य प्रदेश भागने की फिराक में हैं. सूचना मिलते ही पुलिस ने इलाके में घेराबंदी कर दी. कुछ देर बाद एक मोटरसाइकिल पर तीन युवक आते दिखाई दिए. पुलिस ने उन्हें रोकने का प्रयास किया तो आरोपियों ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी. इसके बाद पुलिस ने जवाबी कार्रवाई करते हुए घेराबंदी कर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया. 

पुलिस ने उनके कब्जे से एक 12 बोर का अवैध तमंचा, दो जिंदा कारतूस, दो खोखा कारतूस और हत्या में इस्तेमाल की गई काले रंग की मोटरसाइकिल बरामद की है. 

पूछताछ में आरोपियों ने क्या बताया?

पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि मृतक सतीश श्रीवास का उनके मौसी से प्रेम संबंध था. दोनों एक ही क्षेत्र में रहते थे जिस कारण इलाके में उनके रिश्ते की चर्चा होने लगी थी. इस वजह से आरोपी खुद को समाज में बदनाम महसूस कर रहे थे और इसी बात से नाराज थे. आरोपियों ने बताया कि उन्होंने पहले से कोई बड़ी योजना नहीं बनाई थी, लेकिन अचानक मन में उसे रास्ते से हटाने का विचार आया. इसके बाद उन्होंने अपने दोस्त अर्जुन को साथ लिया और मौका देखकर सतीश श्रीवास को गोली मार दी. पुलिस का यह भी कहना है कि इस पूरे मामले की जानकारी महिला को नहीं थी. फिलहाल पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ हत्या, पुलिस पर फायरिंग, आर्म्स एक्ट समेत विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है.

ये भी पढ़ें: मनदीप ने 12वीं की छात्रा के खींचे प्राइवेट फोटो और सोशल मीडिया पर डाले, फिर सिरफिरे ने उसे आधी रात में मार दी गोली