Baghpat Murder Case: बागपत जिले के कोतवाली क्षेत्र के निरोजपुर गांव में एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है, जहां एक पत्नी ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर अपने ही पति की हत्या कर दी. घटना में पहले खीर में जहर मिलाकर पति को बेहोश किया गया और फिर गला दबाकर उसकी जान ले ली गई. इस सनसनीखेज हत्याकांड का खुलासा CCTV फुटेज और पुलिस जांच के बाद हुआ, जिसके बाद पत्नी को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि उसका प्रेमी फरार है.
ADVERTISEMENT
पुलिस ने जांच शुरू की
दरअसल, यह पूरी घटना कोतवाली बागपत क्षेत्र के निरोजपुर गांव की है. मृतक की पहचान सचिन के रूप में हुई है. पुलिस को डायल-112 के माध्यम से सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति का शव घर के अंदर पड़ा हुआ है. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. शुरुआती जांच में मामला संदिग्ध पाया गया, जिसके बाद पुलिस ने गहन जांच शुरू की.
CCTV फुटेज से हुआ बड़ा खुलासा
जांच के दौरान पुलिस को एक महत्वपूर्ण CCTV फुटेज हाथ लगी, जिसने पूरे मामले की दिशा ही बदल दी. फुटेज में आधी रात के समय एक युवक बाइक से सचिन के घर आता हुआ और अंदर जाते हुए दिखाई दिया. इसी आधार पर पुलिस ने मृतक की पत्नी रचना से सख्ती से पूछताछ की. पूछताछ के दौरान रचना टूट गई और उसने पूरी वारदात का खुलासा कर दिया.
रचना ने पुलिस को बताया कि उसका सोनू नाम के युवक के साथ प्रेम संबंध था और उसका पति सचिन इस रिश्ते में बाधा बन रहा था. इसी वजह से दोनों ने मिलकर हत्या की साजिश रची और वारदात को अंजाम दिया.
गला दबाकर की गई थी हत्या
पुलिस के अनुसार, आरोपी रचना ने पहले खीर बनाई और उसमें जहर मिला दिया. इसके बाद उसने वह खीर अपने पति सचिन को खिला दी, जिससे वह बेहोशी की हालत में पहुंच गया. इसके बाद उसने अपने प्रेमी सोनू को घर बुलाया और दोनों ने मिलकर सचिन का गला दबा दिया, जिससे उसकी मौत हो गई. हत्या के बाद मामले को प्राकृतिक या संदिग्ध मौत दिखाने की कोशिश भी की गई, लेकिन CCTV और पुलिस जांच ने पूरी साजिश का पर्दाफाश कर दिया.
परिवार का बयान आया सामने
मृतक के भाई हरेंद्र फौजी ने बताया 'हमारा लड़का था, सचिन 35 साल उम्र थी. खेत से काम करके घर लौटा था लेकिन सुबह उसकी लाश मिली. पुलिस जांच कर रही है,मामला संदिग्ध लग रहा है.'
वहीं सीओ बागपत सुकन्या शर्मा ने बताया कि पुलिस को सूचना मिलने के बाद शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की गई थी. उन्होंने कहा, 'पुलिस को निरोजपुर गांव में शव मिलने की सूचना मिली थी जिसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पड़ताल की शव की पहचान सचिन के रूप में हुई. पुलिस तफ्तीश कर रही थी तभी एक सीसीटीवी फुटेज से कुछ सुराग हाथ लगे उसी के आधार पर मृतक की पत्नी को हिरासत में लेकर पूछताछ गई गई, जिसने बताया कि उसने खीर में जहर देकर अपने प्रेमी के साथ मिलकर पति की हत्या की है. महिला को गिरफ्तार कर लिया गया है प्रेमी की तलाश जारी है.'
फिलहाल पुलिस ने आरोपी पत्नी रचना को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है और फरार प्रेमी सोनू की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है. मामले की जांच जारी है और पुलिस पूरे घटनाक्रम की कानूनी कार्रवाई आगे बढ़ा रही है.
ADVERTISEMENT










