Varanasi Crime News: वाराणसी के सारनाथ में हुए नर्सिंग छात्रा मौत मामले ने अब एक रहस्यमयी मोड़ ले लिया है. 19 साल की यह छात्रा बुधवार को अपने घर में बेहद खुश थी. उसने खुद अपने हाथों से खाना बनाया और उसे बड़े चाव से टिफिन में पैक किया. इसके बाद वह सारनाथ थाना क्षेत्र में स्थित एक बॉयज हॉस्टल के लिए निकली. लेकिन सबसे बड़ा और खौफनाक सवाल यही है कि उस हॉस्टल के भीतर उन 2 घंटों में ऐसा क्या हुआ कि हंसती-खेलती घर से निकली इस छात्रा की खून से लथपथ लाश उसी हॉस्टल की सीढ़ियों पर मिली? उसके प्राइवेट पार्ट्स से खून क्यों बह रहा था? इस रहस्यमयी मौत को लेकर अब तक की जांच में क्या-क्या कड़ियां सामने आई हैं आइए जानते हैं.
ADVERTISEMENT
घर से टिफिन लेकर निकली थी... पर वापस नहीं लौटी
जनरल नर्सिंग एंड मिडवाइफरी की 19 साल की छात्रा सारनाथ थाना परिसर के भीतर बने सरकारी आवासीय क्वार्टर में अपने परिवार के साथ रहती थी. बुधवार को उसने अपने घर पर खाना बनाया और उसे टिफिन में पैक किया. अमूमन कोई भी टिफिन किसी बेहद करीबी या खास इंसान के लिए ही पैक करता है. छात्रा वह टिफिन लेकर सीधे सारनाथ इलाके के एक बॉयज हॉस्टल पहुंची. वह हॉस्टल के भीतर गई और करीब 2 घंटे तक वहीं मौजूद रही.
उन 2 घंटों में आखिर क्या हुआ?
पुलिस के लिए सबसे बड़ी पहेली यही 2 घंटे बने हुए हैं. जब छात्रा हॉस्टल से बाहर निकलने वाली थी या किसी कमरे से बाहर आई तो अचानक वह हॉस्टल की सीढ़ियों पर अचेत अवस्था में गिरी हुई मिली. चौंकाने वाली बात यह थी कि उसके प्राइवेट पार्ट्स से खून बह रहा था. इस दौरान हॉस्टल में रहने वाले लड़कों में हड़कंप मच गया. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और लहूलुहान छात्रा को अस्पताल ले गई. लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.
अब तक की जांच में क्या-क्या पता चला?
पुलिस और फोरेंसिक टीम को छात्रा के शव के पास से कुछ संदिग्ध दवाइयां बरामद हुई हैं. पुलिस को अंदेशा है कि इन दवाइयों का संबंध निजी अंगों से बहते खून या मौत की वजह से हो सकता है. दवाइयों के रैपर को जांच के लिए लैब भेजा गया है. पुलिस ने हॉस्टल के वार्डन और वहां रहने वाले छात्रों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है. पुलिस यह पता लगा रही है कि छात्रा 2 घंटे तक किस लड़के के कमरे में थी और वह टिफिन किसके लिए लेकर आई थी.
मृतका के मोबाइल फोन को पुलिस ने कब्जे में ले लिया है. उसकी कॉल डिटेल्स और व्हाट्सएप चैट को खंगाला जा रहा है ताकि यह साफ हो सके कि उसे बुधवार को हॉस्टल में किसने फोन करके या मैसेज करके बुलाया था. हॉस्टल के आसपास और एंट्री गेट पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज निकाली जा रही है ताकि यह देखा जा सके कि हॉस्टल आते वक्त उसके साथ कोई और भी था या वह अकेली आई थी, और उसके अचेत होने के बाद हॉस्टल से कौन-कौन भागा.
पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट खोलेगी मौत का असली राज
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामला हत्या, खुदकुशी या किसी गंभीर साजिश से जुड़ा हो सकता है. निजी अंगों से ब्लीडिंग होने के कारण हर एंगल की बारीकी से जांच की जा रही है. पुलिस के मुताबिक, डॉक्टरों के पैनल द्वारा किए जा रहे पोस्टमॉर्टम की रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की असली वजह साफ हो पाएगी, जिसके बाद आरोपियों के खिलाफ सख्त धाराओं में केस दर्ज किया जाएगा.
ADVERTISEMENT










