Road Accident Ballia: अनियंत्रित न्यायाधीश के कार ने 10 वर्षीय मासूम को कुचला, इलाज के दौरान मौत, ग्रामीणों का भारी हंगामा. घटना उत्तर प्रदेश के बलिया जनपद के फेफना थाना क्षेत्र का बताया जा रहा है. जानकारी के मुताबिक क्षेत्र के एकौनी पेट्रोल पंप के समीप गुरुवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में 10 वर्षीय बालक की मौत हो गई. तेज रफ्तार बोलेनो कार की चपेट में आने से मासूम की जान चली गई, जिसके बाद आक्रोशित ग्रामीणों और परिजनों ने घटनास्थल पर जमकर हंगामा किया.
ADVERTISEMENT
मिली जानकारी के अनुसार, भोला तुरहा का 10 वर्षीय पुत्र अंकित तुरहा सड़क के किनारे था. इसी दौरान वहां से गुजर रही एक अनियंत्रित बोलेनो कार ने उसे जोरदार टक्कर मार दी. प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, कार की रफ्तार काफी तेज थी और चालक गाड़ी पर नियंत्रण नहीं रख सका.
हादसे के बाद आसपास के ग्रामीणों ने आनन-फानन में घायल बालक को गंभीर स्थिति में अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. बच्चे की मौत की खबर मिलते ही परिजन बदहवास हो गए और पूरे गांव में मातम पसर गया.
घटना के बाद गुस्साए ग्रामीणों और परिजनों ने घटनास्थल पर जमकर हंगामा किया. परिजनों ने आरोप लगाया कि कार एक न्यायाधीश (जज) की है, कार पर वाराणसी का नम्बर है. पुलिस ने कार चालक और गाड़ी को हिरासत में ले लिया है. वही कार में सवार जज मौके पर ही मौजूद बताए जा रहे है. आरोप है कि लापरवाही से वाहन चलाते हुए बच्चे की जान ली है. हंगामे की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया. स्थिति की गंभीरता को देखते हुए मौके पर भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है.
पुलिस अधिकारियों ने आक्रोशित परिजनों को समझा-बुझाकर शांत कराने का प्रयास किया. पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और तहरीर के आधार पर उचित कानूनी कार्रवाई की जाएगी. इस घटना को लेकर इलाके में तनाव का माहौल बना हुआ है. पुलिस फिलहाल शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया पूरी कर रही है.
ADVERTISEMENT










