Ballia School Viral Video: शिक्षा का मंदिर बना अश्लीलता का अड्डा, स्कूल में सजी बार-बालाओं की महफ़िल, वीडियो वायरल होते ही शिक्षा विभाग में हड़कंप

Ballia News Today: बलिया के एक प्राथमिक विद्यालय का कथित तौर पर निजी कार्यक्रम में इस्तेमाल होने और वहां डांस कार्यक्रम आयोजित किए जाने का वीडियो वायरल होने के बाद शिक्षा विभाग में हड़कंप मच गया है. बिना अनुमति स्कूल परिसर के उपयोग के आरोपों ने सुरक्षा और निगरानी व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं. प्रशासन ने जांच और कार्रवाई का आश्वासन दिया है.

Ballia News

Ballia News

Newzo

• 03:15 PM • 09 Jun 2026

follow google news

Ballia News Today: उत्तर प्रदेश के बलिया जिले से एक ऐसी तस्वीर सामने आई है, जो न केवल शर्मनाक है, बल्कि शिक्षा व्यवस्था की बदहाली का जीता-जागता सबूत भी है. जिस विद्यालय को कल तक बच्चों के भविष्य निर्माण का केंद्र माना जाता था, आज वहां पढ़ाई की जगह बार-बालाओं के ठुमकों ने ले ली है जिसका वीडियो वायरल होने के बाद जिला प्रशासन के होश उड़ा दिए.मामला सीयर शिक्षा क्षेत्र के प्राथमिक विद्यालय तारनपुर का है.वायरल वीडियो ने पूरे शिक्षा विभाग को कटघरे में खड़ा कर दिया है.

यह भी पढ़ें...

सोशल मीडिया पर वायरल हो रही वीडियो में देखा जा सकता है कि विद्यालय प्रांगण को रात के अंधेरे में किसी शादी समारोह के लिए निजी जागीर की तरह इस्तेमाल किया गया. स्कूल की इमारत के ठीक सामने भव्य स्टेज सजाया गया, भारी-भरकम साउंड सिस्टम लगे और रात भर अश्लील गानों पर डांस का दौरा चलता रहा. तस्वीरें चीख-चीख कर कह रही है कि शिक्षा के मंदिर में यह फूहड़पन किस कदर हावी है.

मामला तूल पकड़ा तो बीएसए मनीष कुमार सिंह ने अपनी सफाई में कहा मामला संज्ञान में आया है. खण्ड शिक्षा अधिकारी से जांच कराई गई है, जिसमें  स्पष्ट है कि इस आयोजन के लिए विभाग से कोई अनुमति नही ली गईं थी. स्कूल परिसर में ऐसे कार्यक्रमों की अनुमति कभी नही दी जाती.

बीएसए ने आगे बताया कि प्रधानाध्यापक ने थाने में तहरीर दी दी है और पुलिस ने विधिक कार्यवाही का आश्वासन दिया है. विभाग की ओर से सख्त कार्यवाही की बात कही जा रही है, लेकिन सवाल वही है आखिर एक सरकारी स्कूल का ताला और परिसर इतनी आसानी से निजी आयोजन के लिए कैसे खुल गया.

फिलहाल पुलिस और शिक्षा विभाग के मामले में कार्रवाई का दावा तो कर रहा है लेकिन ग्रामीण और अभिभावकों में इस बात को लेकर भारी आक्रोश है.अब देखना यह है कि क्या केवल तहरीर देकर पल्ला झाड़ा जाएगा या फिर इस अश्लीलता के लिए जिम्मेदार लोगों पर ऐसी नजीर पेश की जाएगी, जिससे दोबारा शिक्षा के मंदिर को कलंकित करने की हिम्मत कोई ना करें.