बलिया, उत्तर प्रदेश: उत्तर प्रदेश के बलिया जिले से एक बेहद हैरान करने वाला मामला सामने आया है. यहां सिकंदरपुर तहसील के लीलकर गांव में एक महिला पिछले 24 घंटे से ज्यादा समय से मोबाइल टावर के सबसे ऊपरी हिस्से पर बैठी हुई है. महिला बिहार की रहने वाली है और अपने प्रेमी को मौके पर बुलाने की जिद पर अड़ी है. इस हाई-वोल्टेज ड्रामे के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है.
ADVERTISEMENT
कल दोपहर से टावर पर जमी है महिला
टावर पर चढ़ी महिला का नाम पूनम देवी है. स्थानीय लोगों के मुताबिक, पूनम कल दोपहर करीब एक बजे ही एयरटेल के इस ऊंचे मोबाइल टावर पर चढ़ गई थी. दिन से रात और फिर अगली दोपहर होने को आई, लेकिन महिला नीचे उतरने का नाम नहीं ले रही है. मौके पर भारी पुलिस बल तैनात है और पूरा गांव इकट्ठा हो चुका है. पुलिस लगातार लाउडस्पीकर के जरिए महिला को समझाने और नीचे उतारने की कोशिश कर रही है.
क्या है पूरा मामला?
पुलिस के मुताबिक, यह पूरा मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा है. पूनम देवी बिहार से अपने तथाकथित प्रेमी को ढूंढते हुए बलिया के लीलकर गांव पहुंची थी. वह जिस शख्स को बुलाने की मांग कर रही है, उसका नाम सौरभ बिंद है. सौरभ मूल रूप से उभांव का रहने वाला है और लीलकर गांव में उसकी ससुराल है.
सौरभ पहले से शादीशुदा है. जब पूनम को पता चला कि सौरभ यहां आ सकता है, तो वह सीधे लीलकर गांव पहुंच गई. प्रशासन पर दबाव बनाने और अपनी बात मनवाने के लिए वह मोबाइल टावर पर जा बैठी.
एक महिला जिनका नाम पूनम देवी है, वो लीलकर गांव में टेलीकॉम के टावर पर चढ़ गई थीं. बातचीत में उन्होंने बताया कि सौरभ बिंद नाम का व्यक्ति (जो पूर्व से शादीशुदा है) उसकी ससुराल लीलकर में है. महिला उसे खोजते हुए यहां आईं और अपनी बात रखने के लिए टावर पर चढ़ गईं. सौरभ बिंद को देवरिया से ट्रेस कर लिया गया है, जल्द ही महिला को सुरक्षित नीचे उतार लिया जाएगा.
पुलिस ने प्रेमी को किया ट्रेस
इस खतरनाक स्टंट की वजह से प्रशासन के हाथ-पांव फूले हुए हैं. हालांकि, राहत की बात यह है कि पुलिस ने प्रेमी सौरभ बिंद को देवरिया से ढूंढ निकाला है. पुलिस टीम उसे जल्द से जल्द मौके पर ला रही है, ताकि महिला को समझाकर सुरक्षित नीचे उतारा जा सके और इस ड्रामे का अंत हो सके.
ADVERTISEMENT










