UP Police EncounterNews: उत्तर प्रदेश में अपराध और अपराधियों के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार तेज होता दिखाई दे रहा है. बीते 24 घंटे के दौरान प्रदेश के अलग-अलग जिलों में पुलिस और एसटीएफ ने कई बड़ी कार्रवाइयों को अंजाम दिया. अयोध्या, झांसी, लखनऊ, हापुड़ और चंदौली समेत कई जिलों में हुई मुठभेड़ों और छापेमारी के दौरान कई आरोपी गिरफ्तार किए गए, जबकि एक कुख्यात इनामी अपराधी की मौत हो गई. कई बदमाश पुलिस कार्रवाई में घायल हुए हैं और उनका इलाज अस्पताल में चल रहा है.
ADVERTISEMENT
अयोध्या में STF का बड़ा ऑपरेशन
सबसे चर्चित कार्रवाई अयोध्या में सामने आई, जहां प्रयागराज एसटीएफ यूनिट और कुख्यात अपराधी भानु प्रताप सिंह के बीच मुठभेड़ हुई. पुलिस के अनुसार कार्रवाई के दौरान भानु प्रताप सिंह घायल हो गया था, जिसे अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई. भानु पर आजमगढ़, अंबेडकरनगर, बस्ती और गोरखपुर में कुल 1.90 लाख रुपये का इनाम घोषित था. पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक वह कॉन्ट्रैक्ट किलर और डकैत के रूप में चिन्हित था तथा उसके खिलाफ हत्या, डकैती और अन्य गंभीर अपराधों के 40 से अधिक मुकदमे दर्ज थे.
झांसी, लखनऊ और हापुड़ में भी पुलिस की कार्रवाई
झांसी में हत्या के मामले में वांछित दो आरोपियों को पुलिस ने देर रात घेर लिया. मुठभेड़ के दौरान एक आरोपी के पैर में गोली लगी, जबकि दूसरे ने आत्मसमर्पण कर दिया. दोनों पर हाल ही में हुई हत्या की घटना में शामिल होने का आरोप है. वहीं लखनऊ के गाजीपुर क्षेत्र में महिला से छेड़छाड़, मारपीट और हत्या के प्रयास के मामले में पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और सीसीटीवी फुटेज की मदद से मुख्य आरोपी सुमित कश्यप को गिरफ्तार किया. पूछताछ के आधार पर उसके साथी सनी उर्फ शनि कश्यप को भी मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया गया. उधर हापुड़ में व्यापारी के घर हुई लूट की वारदात का पुलिस ने खुलासा करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया. मुठभेड़ के दौरान दो बदमाशों के पैर में गोली लगने की जानकारी सामने आई है.
चंदौली में मुख्य शूटर गिरफ्तार, जांच जारी
चंदौली में हाल ही में हुए हत्याकांड के मुख्य आरोपी को पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान पकड़ लिया. पुलिस के मुताबिक आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग की थी, जिसके जवाब में हुई कार्रवाई में उसके दोनों पैरों में गोली लगी. फिलहाल उसका अस्पताल में इलाज चल रहा है. पुलिस का कहना है कि प्रदेशभर में अपराधियों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा. अधिकारियों के अनुसार हाल के दिनों में हुई इन कार्रवाइयों को कानून-व्यवस्था मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है और सभी मामलों में आगे की जांच की जा रही है.
ADVERTISEMENT










