उत्तर प्रदेश, सहारनपुर में महिला सहित चार वारंटी आरोपी गिरफ्तार, नकुड़ पुलिस की बड़ी कार्रवाई

Saharanpur Crime News: सहारनपुर की नकुड़ पुलिस ने गैर-जमानती वारंट वाले चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है. इनमें एक महिला भी शामिल है.पुलिस ने सभी आरोपियों को उत्तराखंड के देहरादून जिले से पकड़कर न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया शुरू की है. कार्रवाई को वारंटी अपराधियों के खिलाफ अभियान की बड़ी सफलता माना जा रहा है.

 Saharanpur News

Saharanpur News

Newzo

• 05:05 PM • 11 Jun 2026

follow google news

Saharanpur Crime News: अपराधियों और वारंटियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना नकुड़ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए महिला सहित चार एनबीडब्ल्यू (गैर जमानती वारंट) आरोपियों को गिरफ्तार किया है. सभी आरोपियों को उत्तराखंड के देहरादून जनपद से गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई की जा रही है.

यह भी पढ़ें...

पुलिस के अनुसार वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर जिलेभर में वांछित और वारंटी अपराधियों की धरपकड़ के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है. इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक ग्रामीण और क्षेत्राधिकारी नकुड़ के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक देवेश शर्मा के नेतृत्व में पुलिस टीम गश्त और चेकिंग कर रही थी. मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस ने देहरादून जनपद के विकासनगर क्षेत्र स्थित मेदूवाला गांव में दबिश देकर चार वारंटी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया.

गिरफ्तार आरोपियों में खजान पुत्र मदन सिंह, दुर्गा पत्नी खजान सिंह, प्रियंका पुत्री मदन सिंह तथा सूरमा देवी पत्नी मदन सिंह शामिल हैं। सभी आरोपी ग्राम मेदूवाला, थाना विकासनगर, जिला देहरादून (उत्तराखंड) के निवासी हैं.

पुलिस ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ सहारनपुर की अदालत में विचाराधीन एक मामले में गैर जमानती वारंट जारी किए गए थे. संबंधित वाद संख्या 3268/25 तथा मारपीट, गाली-गलौज और धमकी देने से जुड़े मामले में न्यायालय के आदेश पर उनकी गिरफ्तारी की गई है. नकुड़ पुलिस की इस कार्रवाई को वारंटी अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान की महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है.

पुलिस का कहना है कि जिले में कानून व्यवस्था बनाए रखने और न्यायालय के आदेशों का अनुपालन सुनिश्चित करने के लिए ऐसे अभियान आगे भी जारी रहेंगे.