उत्तर प्रदेश, 75 हजार अभ्यर्थियों के सपनों की राह बनी सहारनपुर यातायात पुलिस, तीन दिन तक जाममुक्त रहीं शहर की सड़कें

Saharanpur News: सहारनपुर यातायात पुलिस ने पुलिस आरक्षी भर्ती परीक्षा के दौरान करीब 75 हजार अभ्यर्थियों को समय पर परीक्षा केंद्र तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई. तीन दिनों तक विशेष ट्रैफिक प्लान लागू कर शहर को जाममुक्त रखा गया, जिससे अभ्यर्थियों और आम लोगों को राहत मिली.

Saharanpur Traffic Police

Saharanpur Traffic Police

Newzo

• 03:45 PM • 11 Jun 2026

follow google news

Saharanpur News: उत्तर प्रदेश पुलिस आरक्षी भर्ती लिखित परीक्षा के दौरान सहारनपुर यातायात पुलिस ने उत्कृष्ट कार्य करते हुए लगभग 75 हजार अभ्यर्थियों के सपनों को समय पर परीक्षा केंद्र तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई. 8, 9 और 10 जून को छह पालियों में आयोजित भर्ती परीक्षा के दौरान जनपद के 29 परीक्षा केंद्रों पर बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों का आवागमन हुआ, जिसे सुचारु रूप से संचालित करना प्रशासन और पुलिस के लिए बड़ी चुनौती थी.

यह भी पढ़ें...

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अभिनन्दन के निर्देशन एवं पुलिस अधीक्षक यातायात के पर्यवेक्षण में यातायात प्रभारी अमित तोमर के नेतृत्व में पूरी यातायात टीम ने तीन दिनों तक लगातार मुस्तैदी के साथ ड्यूटी निभाई. शहर के प्रमुख चौराहों, व्यस्त मार्गों और परीक्षा केंद्रों के आसपास विशेष यातायात व्यवस्था लागू की गई, जिससे कहीं भी जाम की स्थिति उत्पन्न नहीं हुई और अभ्यर्थियों को समय से परीक्षा केंद्रों तक पहुंचने में सहायता मिली.

यातायात पुलिस के जवानों ने केवल यातायात संचालन ही नहीं किया, बल्कि जरूरतमंद अभ्यर्थियों का मार्गदर्शन भी किया. पूरे शहर में पुलिसकर्मियों की सक्रियता और सतर्कता के कारण यातायात व्यवस्था सामान्य बनी रही तथा आम नागरिकों को भी किसी प्रकार की परेशानी का सामना नहीं करना पड़ा.

यातायात प्रभारी अमित तोमर ने बताया कि यह केवल ट्रैफिक प्रबंधन का कार्य नहीं था, बल्कि हजारों युवाओं के भविष्य से जुड़ी जिम्मेदारी थी. उन्होंने कहा कि पूरी टीम ने यह सुनिश्चित करने का संकल्प लिया था कि कोई भी अभ्यर्थी जाम या अव्यवस्था के कारण अपनी परीक्षा से वंचित न रहे.

सहारनपुर यातायात पुलिस का यह प्रयास कर्तव्यनिष्ठा, संवेदनशीलता और जनसेवा का उत्कृष्ट उदाहरण बनकर सामने आया है, जिसकी शहरवासियों और अभ्यर्थियों ने सराहना की है.