मेरे बेटे के कातिलों को फांसी हो... आकांक्षा के पति को उसके ही भाई ने मारी थी गोली, अब पिता ने रो-रोकर बताई पूरी बात

शरद मलिक

• 06:33 PM • 10 Jun 2026

Saharanpur Murder Case Update: उत्तर प्रदेश के सहारनपुर शिव कुमार हत्याकांड में नया भावुक मोड़ सामने आया है. मृतक के पिता ने आरोपियों को फांसी देने की मांग करते हुए बताया कि बेटे का मंत्रालय में जॉइनिंग लेटर आ चुका था. पड़ोसियों ने भी शादी को लेकर पहले हुई पंचायत और परिवारों के बीच समझौते का खुलासा किया है.

Saharanpur Murder Case Update

Saharanpur Murder Case Update

Google CTA

Saharanpur Murder Case Update: सहारनपुर में पत्नी को पुलिस भर्ती परीक्षा दिलाने आए शामली के शिव कुमार की दिनदहाड़े हुई हत्या के मामले में अब मृतक के पिता का कलेजा फट पड़ा है. रोते-बिलखते बूढ़े पिता ने सरकार से सभी आरोपियों को सीधे फांसी के तख्ते पर लटकाने की मांग की है. पिता ने एक बेहद इमोशनल खुलासा करते हुए बताया कि उनके बेटे का मिनिस्ट्री में जॉइनिंग लेटर आ चुका था और सिर्फ पोस्टिंग होनी बाकी थी. लेकिन खुशियां घर आने से पहले ही नफरत की एक गोली ने उनका इकलौता चिराग बुझा दिया. वहीं पड़ोसियों ने खुलासा किया है कि इस शादी को लेकर पहले बाकायदा पंचायत हुई थी जिसमें लड़के के पिता ने अपनी तरफ से सब कुछ मानने का वादा किया था. इसके बावजूद इस खौफनाक वारदात को अंजाम दिया गया.

यह भी पढ़ें...

'मिनिस्ट्री में आ चुका था जॉइनिंग लेटर सिर्फ पोस्टिंग बाकी थी'

बेटे शिव कुमार की मौत के बाद बदहवास पिता सलेक चंद का रो-रोकर बुरा हाल है. उन्होंने बताया कि लव मैरिज के बाद से ही लड़की के परिवार वाले जान के दुश्मन बने हुए थे. अपनी जान बचाने के लिए उनके बेटे और बहू पिछले चार महीने से उत्तराखंड में रह रहे थे. पिता सलेक चंद ने रोते हुए सरकार से गुहार लगाते हुए कहा कि 'मेरा सरकार से हाथ जोड़कर अनुरोध है कि हमें जल्द से जल्द इंसाफ दिया जाए. जिन्होंने मेरे मासूम बेटे को मारा है उन्हें फांसी की सजा के तख्ते पर लटकाया जाए तभी मेरे कलेजे को सब्र आएगा. सरकार सभी आरोपियों को जल्द से जल्द जेल में डाले. मेरे बेटे का तो मिनिस्ट्री में जॉइनिंग लेटर भी आ चुका था. सिर्फ पोस्टिंग होनी बाकी थी.वो अपने पैरों पर खड़ा होने जा रहा था. लेकिन उन जालिमों ने उसे मार डाला. जब तक उन्हें फांसी नहीं होगी मुझे चैन नहीं मिलेगा.'

पड़ोसी का बड़ा खुलासा

इस हत्याकांड के बाद पूरे गांव में मातम और सन्नाटा पसरा हुआ है. शिव कुमार के पड़ोसी विनोद कुमार ने इस विवाद के पीछे की एक बड़ी इनसाइड स्टोरी साझा की.पड़ोसी विनोद ने बताया  कि 'लड़के की जो हत्या हुई है वो बेहद गलत और क्रूर है. इस लव मैरिज को लेकर पहले दोनों पक्षों के बीच बाकायदा पंचायत बुलाई गई थी. पंचायत में मृतक शिव कुमार के पिता ने बड़प्पन दिखाते हुए साफ कह दिया था कि लड़की वाले जो चाहेंगे वही होगा. मैं अपने बेटे को गांव से बाहर भेज दूंगा. यहां रहने नहीं दूंगा.' पंचायत के फैसले के तहत ही लड़का-लड़की बाहर चले गए थे. सब कुछ तय होने के बाद भी लड़की के घरवालों ने लड़के की हत्या कर दी.यह बेहद निंदनीय है.'

लड़की के मां की थी जिद

पड़ोसी विनोद कुमार ने लड़की के मायके वालों की सनक का जिक्र करते हुए एक और हैरान करने वाली बात बताई. उन्होंने कहा कि विवाद के दौरान लड़की की मां ने लड़के (शिव कुमार) को सरेआम धमकी देते हुए कहा था कि 'मैं आकांक्षा को पुलिस की नौकरी नहीं करने दूंगी.चाहे मुझे जिंदगी भर गोबर ही क्यों न उठाना पड़े.' लड़की की मां की इसी नफरत और जिद का नतीजा रहा कि जिस दिन आकांक्षा पेपर देने पहुंची उसी दिन इस खौफनाक साजिश के तहत शिव कुमार को मौत के घाट उतार दिया गया.

परिजनों को इंसाफ का इंतजार

दिनदहाड़े हुए इस हत्याकांड ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है. कत्ल की वजह साफ होने और पिता द्वारा सीधे फांसी की मांग उठाए जाने के बाद मुजफ्फरनगर और सहारनपुर पुलिस प्रशासन पर आरोपियों को जल्द पकड़ने का भारी दबाव है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि नामजद एफआईआर के आधार पर टीमें लगातार दबिश दे रही हैं और मुख्य आरोपी मंजीत समेत साजिश में शामिल मां और अन्य रिश्तेदारों को जल्द ही गिरफ्तार कर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी.