Saharanpur Kanwar Yatra Security: कांवड़ यात्रा-2026 को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट है. इसी क्रम में सहारनपुर परिक्षेत्र के डीआईजी अभिषेक सिंह ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अभिनंदन सिंह और अन्य अधिकारियों के साथ जनपद स्थित कांवड़ सेल एवं नगर नियंत्रण कक्ष का स्थलीय निरीक्षण किया.
ADVERTISEMENT
निरीक्षण के दौरान डीआईजी ने कंट्रोल रूम की कार्यप्रणाली, सुरक्षा व्यवस्था, यातायात संचालन, भीड़ नियंत्रण, सीसीटीवी निगरानी, संचार व्यवस्था और आपातकालीन प्रतिक्रिया तंत्र की जानकारी ली. उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि कंट्रोल रूम में प्राप्त होने वाली प्रत्येक सूचना पर तत्काल और प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए.
डीआईजी ने सभी संबंधित शाखाओं और विभागों के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने पर जोर दिया. उन्होंने कहा कि किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए पुलिस बल को पूरी तरह तैयार रखा जाए और सूचना मिलते ही त्वरित कार्रवाई की जाए.
उन्होंने कांवड़ मार्गों पर पुलिस गश्त बढ़ाने, संवेदनशील एवं भीड़भाड़ वाले स्थानों पर अतिरिक्त सतर्कता बरतने और आधुनिक तकनीकी संसाधनों तथा सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से लगातार निगरानी रखने के निर्देश दिए. साथ ही यातायात व्यवस्था को इस तरह संचालित करने को कहा गया, जिससे कांवड़ियों के साथ आम नागरिकों को भी आवागमन में परेशानी न हो.
डीआईजी ने अधीनस्थ अधिकारियों को नियमित रूप से क्षेत्र में भ्रमण कर व्यवस्थाओं का जायजा लेने और किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरतने के निर्देश दिए. उन्होंने सभी संबंधित विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर सुरक्षा, यातायात और जनसुविधाओं को सर्वोच्च प्राथमिकता देने को कहा.
पुलिस प्रशासन के अनुसार कांवड़ यात्रा-2026 के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुविधा और निर्बाध आवागमन सुनिश्चित करने के लिए सहारनपुर पुलिस लगातार सतर्कता के साथ काम कर रही है.
ADVERTISEMENT











