Saharanpur News: थाना मंडी पुलिस ने चोरी की तीन अलग-अलग वारदातों का सफल खुलासा करते हुए तीन शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने आरोपियों के कब्जे और निशानदेही पर चोरी किए गए तीन एसी के आउटडोर यूनिट, एक इन्वर्टर, एक स्टेबलाइजर, एसी के कॉपर पाइप, कॉपर वायर समेत अन्य पार्ट्स बरामद किए हैं.चोरी की घटनाओं में इस्तेमाल किए गए ई-रिक्शा को भी पुलिस ने सीज कर दिया है.
ADVERTISEMENT
पुलिस के अनुसार, 27 जुलाई को प्रताप नगर निवासी डॉ. विकास जैन, पैरागपुर निवासी फरमान अली तथा पीर बाजार निवासी संदीप गर्ग ने थाना मंडी में अलग-अलग तहरीर देकर अज्ञात चोरों द्वारा उनके प्रतिष्ठानों व घरों से एसी का आउटडोर, स्टेबलाइजर, इन्वर्टर, पंखा और अन्य विद्युत उपकरण चोरी किए जाने की शिकायत दर्ज कराई थी. तीनों मामलों में संबंधित धाराओं के तहत मुकदमे दर्ज कर जांच शुरू की गई.
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर गठित पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना के आधार पर जैवी जैन इंटर कॉलेज के पास खाताखेड़ी मार्ग से तौसीफ निवासी नूरबस्ती, आबिद निवासी बंजारों का मोहल्ला (थाना मंडी) तथा सलमान निवासी इंचौली, मेरठ को गिरफ्तार कर लिया.
पूछताछ के दौरान आरोपियों की निशानदेही पर चोरी का सामान बरामद किया गया. पुलिस ने बताया कि आरोपियों ने एसी के आउटडोर यूनिट और अन्य सामान को अलग-अलग हिस्सों में खोलकर छिपा रखा था. बरामदगी के आधार पर मुकदमों में अतिरिक्त धाराएं भी बढ़ाई गई हैं, जबकि वारदात में प्रयुक्त ई-रिक्शा को मोटर वाहन अधिनियम के तहत सीज कर दिया गया.
पुलिस का कहना है कि गिरोह से जुड़े अन्य आरोपियों की तलाश जारी है. गिरफ्तार तीनों अभियुक्तों को आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी करने के बाद न्यायालय में पेश किया जा रहा है.
ADVERTISEMENT











