Saharanpur News: कांवड़ यात्रा-2026 को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सुचारु रूप से संपन्न कराने के लिए सहारनपुर पुलिस ने विस्तृत यातायात डायवर्जन योजना जारी की है. इसके तहत 29/30 जुलाई की रात 12 बजे से जिले में भारी वाहनों के प्रवेश पर प्रतिबंध लागू कर दिया जाएगा. वहीं 4/5 अगस्त की रात 12 बजे से हल्के और मध्यम श्रेणी के वाहनों के लिए भी डायवर्जन व्यवस्था प्रभावी होगी.
ADVERTISEMENT
पुलिस के अनुसार, उत्तराखंड से आने वाले कांवड़िए काली नदी चौकी, बड़कला चेकपोस्ट और मंगलौर रोड चौकी के रास्ते जिले में प्रवेश करेंगे. वहीं हरियाणा की ओर से आने वाले श्रद्धालुओं के लिए शहाजहांपुर चौकी और हथनीकुंड बैराज मार्ग निर्धारित किया गया है.
यातायात व्यवस्था के तहत देहरादून जाने वाले भारी वाहनों को लाखनौर–छुटमलपुर–मोहंड–आशारौड़ी मार्ग से भेजा जाएगा, जबकि हरिद्वार जाने वाले भारी वाहनों के लिए छुटमलपुर–भगवानपुर–रुड़की मार्ग निर्धारित किया गया है.
इसके अलावा 4/5 अगस्त से लागू होने वाले दूसरे चरण में हल्के एवं मध्यम श्रेणी के वाहन दिल्ली–देहरादून एक्सप्रेस-वे या मुजफ्फरनगर–देवबंद–नागल–कोलकी कट मार्ग का उपयोग कर सकेंगे. हरिद्वार जाने वाले वाहनों के लिए छुटमलपुर–भगवानपुर–रुड़की मार्ग ही निर्धारित रहेगा.
सहारनपुर पुलिस ने आमजन से कांवड़ यात्रा के दौरान जारी ट्रैफिक एडवाइजरी का पालन करने, अनावश्यक यात्रा से बचने और यात्रा शुरू करने से पहले निर्धारित मार्गों की जानकारी लेने की अपील की है. पुलिस ने बताया कि किसी भी आपात स्थिति या यातायात संबंधी समस्या होने पर यूपी-112 पर संपर्क किया जा सकता है या निकटतम पुलिसकर्मी से सहायता ली जा सकती है.
पुलिस का कहना है कि यह पूरी व्यवस्था कांवड़ यात्रियों की सुरक्षा और आम नागरिकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए लागू की गई है.
ADVERTISEMENT











