Saharanpur Kanwar Yatra 2026: सावन माह की शुरुआत के साथ कांवड़ यात्रा ने रफ्तार पकड़ ली है. हरिद्वार से गंगाजल लेकर अपने-अपने गंतव्य की ओर बढ़ रहे लाखों कांवड़िये सहारनपुर से होकर गुजर रहे हैं कांवड़ियों की सुरक्षा और सुगम यात्रा को लेकर पुलिस-प्रशासन की ओर से व्यापक इंतजाम किए गए हैं.
ADVERTISEMENT
पूरे जनपद में एटीएस समेत विभिन्न सुरक्षा बलों की तैनाती की गई है और कांवड़ मार्गों पर 24 घंटे निगरानी रखी जा रही है. यात्रा को सुरक्षित और व्यवस्थित बनाने के लिए सहारनपुर पुलिस ने जिले को जोन, सेक्टर और सब-जोन में विभाजित किया है. प्रमुख मार्गों पर अस्थायी पुलिस चौकियां बनाई गई हैं और कंट्रोल रूम के जरिए हर गतिविधि पर नजर रखी जा रही है.
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अभिनंदन सिंह लगातार कांवड़ मार्गों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा ले रहे हैं. वहीं, स्वास्थ्य विभाग की ओर से विभिन्न स्थानों पर चिकित्सा शिविर लगाए गए हैं, जहां कांवड़ियों को प्राथमिक उपचार और अन्य स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं.
रूट डायवर्जन से कांवड़ियों को राहत
कांवड़ियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए प्रशासन ने प्रमुख मार्गों पर रूट डायवर्जन लागू किया है. इसके साथ ही अलग-अलग स्थानों पर रूट मैप लगाए गए हैं, ताकि श्रद्धालुओं को अपने गंतव्य तक पहुंचने में परेशानी न हो.
हरियाणा के सिरसा जा रहे कांवड़िये आनंद कश्यप ने बताया कि वह हरिद्वार से गंगाजल लेकर लौट रहे हैं. उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में जगह-जगह भोजन, पेयजल और विश्राम की अच्छी व्यवस्था मिली. कांवड़ियों के लिए सड़कें खाली रखी गई हैं, जिससे यात्रा काफी आसान हो गई है.
आनंद कश्यप ने कहा कि इस बार कांवड़ यात्रा के दौरान व्यवस्थाएं पिछले वर्षों की तुलना में बेहतर नजर आ रही हैं और उन्हें रास्ते में किसी तरह की परेशानी का सामना नहीं करना पड़ा.
वहीं, सिरसा निवासी कांवड़िये दीपक कुमार ने बताया कि उनकी टोली में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हैं और सभी सुरक्षित तरीके से यात्रा कर रहे हैं. उन्होंने कहा कि यूपी पुलिस पूरे रास्ते मुस्तैद नजर आ रही है. कांवड़ सेवा शिविरों में भोजन, पानी और आराम की पर्याप्त व्यवस्था उपलब्ध है.
उन्होंने योगी सरकार और उत्तर प्रदेश पुलिस की व्यवस्थाओं की सराहना करते हुए कहा कि कांवड़ियों के लिए किए गए इंतजाम प्रशंसनीय हैं.
कुल मिलाकर सावन के पहले दिन सहारनपुर में कांवड़ यात्रा शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित नजर आई. सुरक्षा, स्वास्थ्य और यातायात व्यवस्था से संतुष्ट कांवड़ियों ने पुलिस-प्रशासन की सराहना की और कहा कि इस बार की यात्रा पहले की अपेक्षा अधिक सुरक्षित और सुविधाजनक महसूस हो रही है.
ADVERTISEMENT











