उत्तर प्रदेश, सहारनपुर में सपा जिलाध्यक्ष अब्दुल गफूर बोले- भाजपा सरकार ने 10 साल में हजारों युवाओं के अधिकार छीने, 2027 में जनता देगी जवाब

Saharanpur Elections 2027: सहारनपुर में समाजवादी पार्टी ने भाजपा सरकार पर आरक्षण व्यवस्था को कमजोर करने और युवाओं के अधिकारों की अनदेखी करने का आरोप लगाया. सपा जिलाध्यक्ष अब्दुल गफूर ने कहा कि भर्ती प्रक्रियाओं में अनियमितताओं से हजारों अभ्यर्थी प्रभावित हुए हैं और 2027 में जनता इसका जवाब देगी.

Saharanpur News

Saharanpur News

Newzo

• 02:16 PM • 11 Jun 2026

follow google news

Saharanpur Elections 2027: सहारनपुर समाजवादी पार्टी ने भाजपा सरकार पर आरक्षण व्यवस्था को कमजोर करने और पिछड़े, दलित एवं अल्पसंख्यक वर्गों (पीडीए) के अधिकारों का हनन करने का आरोप लगाया है. सहारनपुर के अंबाला रोड स्थित समाजवादी पार्टी कार्यालय में आयोजित प्रेसवार्ता में जिलाध्यक्ष अब्दुल गफूर ने कहा कि भाजपा सरकार संविधान प्रदत्त आरक्षण को धीरे-धीरे समाप्त करने की दिशा में काम कर रही है.

यह भी पढ़ें...

सपा का दावा क्या है?

उन्होंने दावा किया कि पिछले 10 वर्षों में विभिन्न भर्ती और चयन प्रक्रियाओं में आरक्षण नियमों का सही पालन नहीं किया गया, जिससे हजारों अभ्यर्थी प्रभावित हुए हैं. जिलाध्यक्ष ने कहा कि 69 हजार शिक्षक भर्ती सहित कई परीक्षाओं में आरक्षण को लेकर गंभीर अनियमितताएं सामने आईं. उन्होंने बताया कि पिछड़ा वर्ग आयोग भी इस मामले में आरक्षण के सही पालन न होने की बात स्वीकार कर चुका है तथा न्यायालय ने भी प्रभावित अभ्यर्थियों को राहत देने के निर्देश दिए हैं. इसके बावजूद सरकार ने अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की. 

भाजपा सरकार पर क्या आरोप लगाए गए?

अब्दुल गफूर ने भाजपा सरकार पर जनता को गुमराह करने का आरोप लगाते हुए कहा कि सरकार विकास और रोजगार के मुद्दों से ध्यान हटाकर धार्मिक और भावनात्मक विषयों को आगे बढ़ा रही है. उन्होंने कहा कि महंगाई, बेरोजगारी, किसानों और युवाओं की समस्याओं पर सरकार गंभीर नहीं है. रसोई गैस, पेट्रोल और डीजल के लगातार बढ़ते दामों से आम जनता परेशान है, लेकिन सरकार जनता की आवाज सुनने को तैयार नहीं है.

2027 चुनाव में जनता के जवाब का दावा

उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी प्रदेशभर में ज्ञापन देकर सरकार से आरक्षण संबंधी विसंगतियों को दूर करने और प्रभावित युवाओं को न्याय देने की मांग कर रही है. सपा जिलाध्यक्ष ने दावा किया कि वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में जनता भाजपा सरकार को उसके वादों और कार्यों का जवाब देगी.