Saharanpur Traffic Police: जनपद में यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों और वाहनों में अवैध मॉडिफिकेशन कर ध्वनि प्रदूषण फैलाने वालों के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार जारी है. इसी क्रम में थाना बिहारीगढ़ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए पटाखा साइलेंसर लगाकर सड़क पर तेज आवाज करने वाली तीन बुलेट मोटरसाइकिलों को सीज कर दिया.
ADVERTISEMENT
अपराध नियंत्रण और यातायात नियमों के प्रभावी अनुपालन के लिए विशेष वाहन चेकिंग अभियान चलाया गया. पुलिस अधीक्षक ग्रामीण एवं क्षेत्राधिकारी बेहट के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक सतेन्द्र सिंह के नेतृत्व में बिहारीगढ़ पुलिस ने विभिन्न स्थानों पर सघन चेकिंग की. चेकिंग के दौरान पुलिस ने पाया कि कुछ वाहन चालक अपनी बुलेट मोटरसाइकिलों में अवैध रूप से मॉडिफाइड साइलेंसर लगाकर तेज धमाकेदार आवाज निकाल रहे थे, जिससे ध्वनि प्रदूषण फैल रहा था और आम लोगों को परेशानी हो रही थी. पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए UK07BY2833, UK07FB5918 और UP11CJ8201 नंबर की तीन बुलेट मोटरसाइकिलों को मोटर वाहन अधिनियम की धारा 207 के तहत सीज कर दिया.
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि ऐसे मॉडिफाइड साइलेंसर न केवल कानून का उल्लंघन हैं, बल्कि सड़क सुरक्षा और सार्वजनिक शांति के लिए भी खतरा बनते हैं. लगातार मिल रही शिकायतों के बाद इस प्रकार के वाहनों पर विशेष नजर रखी जा रही है. बिहारीगढ़ पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे यातायात नियमों का पालन करें और अपने वाहनों में किसी प्रकार का अवैध मॉडिफिकेशन न कराएं.
पुलिस ने स्पष्ट किया कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी.
ADVERTISEMENT










