19 साल की लड़की अपने बॉयफ्रेंड के साथ रहने की जिद पर अड़ी थी… तभी पुलिस के सामने पिता ने बेटी के पेट में घोंप दिया चाकू, नहीं बच पाई जान

Banda Daughter Murder Case: उत्तर प्रदेश के बांदा जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक पिता ने अपनी ही 19 वर्षीय बेटी की चाकू से गोदकर हत्या कर दी. बताया जा रहा है कि युवती अपने प्रेमी के साथ रहने की जिद पर अड़ी हुई थी.

Banda Daughter Murder Case

Banda Daughter Murder Case

Banda Crime News: उत्तर प्रदेश के बांदा जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक पिता ने अपनी ही 19 वर्षीय बेटी की चाकू से गोदकर हत्या कर दी. बताया जा रहा है कि युवती अपने प्रेमी के साथ रहने की जिद पर अड़ी हुई थी. परिवार के लोग और पुलिसकर्मी उसे समझाने की कोशिश कर रहे थे, लेकिन वह अपनी बात पर कायम रही. इसी दौरान गुस्से में आए पिता ने धारदार हथियार से उस पर हमला कर दिया. गंभीर हालत में युवती को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. इस घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है.

यह भी पढ़ें...

प्रेमी संग घर से चली गई थी युवती

मामला बदौसा थाना क्षेत्र का है. जानकारी के मुताबिक 19 वर्षीय युवती का पड़ोस में रहने वाले एक युवक के साथ प्रेम संबंध था. इसी बीच 18 मई को वह अपने प्रेमी के साथ घर से चली गई थी. परिजनों ने इसकी शिकायत पुलिस से की, जिसके बाद संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर युवती की तलाश शुरू की गई. पुलिस लगातार उसकी खोजबीन में जुटी रही और आखिरकार 12 जून को युवती को सकुशल बरामद कर लिया गया.

काउंसलिंग के दौरान हुई ये घटना 

पुलिस ने अनुसार युवती के परिजनों को बुलाया और बातचीत के जरिए मामले का समाधान निकालने का प्रयास किया. बताया जा रहा है कि युवती ने कथित तौर पर अपने प्रेमी के साथ रहने की इच्छा जताई. उसने प्रेमी के साथ भागकर शादी भी कर ली थी और अब उसी के साथ रहने की जिद कर रही थी. पुलिस और परिवार के लोगों ने उसे समझाने की काफी कोशिश की, लेकिन वह नहीं मानी. इसी दौरान आवेश में आकर पिता ने चाकू से युवती के पेट पर वार कर दिया. पुलिस तत्काल उसे उपचार के लिए अस्पताल लेकर पहुंची लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.

पिता के खिलाफ केस दर्ज

घटना के बाद मृतका की मां की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी पिता के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है. पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल किए गए धारदार हथियार को बरामद कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है. इसके बाद उसे जेल भेजने की कार्रवाई शुरू कर दी गई. शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है और मामले में आगे की कानूनी प्रक्रिया जारी है.

एसपी पलाश बंसल ने क्या कहा?

बांदा के पुलिस अधीक्षक पलाश बंसल ने बताया कि 18 मई को बदौसा थाने में सूचना मिली थी कि करीब 19 वर्षीय युवती को उसका पूर्व परिचित और पड़ोस का युवक अपने साथ ले गया है. इस संबंध में मुकदमा दर्ज किया गया था. उन्होंने बताया कि 12 जून को युवती को सकुशल बरामद कर लिया गया था. परिजनों को सूचना देकर काउंसलिंग कराई जा रही थी, तभी युवती के पिता ने धारदार हथियार से उसके पेट पर हमला कर दिया. युवती को पहले सीएचसी अतर्रा और फिर मेडिकल कॉलेज भेजा गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. एसपी ने बताया कि मृतका की मां की शिकायत के आधार पर पिता के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है.