हुजूर, मैंने अपनी सगी बहन की हत्या कर दी... संदीप यादव ने उतारा 19 साल की रंजू को मौत के घाट, कुएं से निकली लाश

Fatehpur honor killing: उत्तर प्रदेश के फतेहपुर में ऑनर किलिंग की खौफनाक वारदात. भाई संदीप यादव ने दूसरे समुदाय में प्रेम प्रसंग के अंदेशे पर बहन रंजू की गला दबाकर हत्या की और शव कुएं में फेंककर खुद सरेंडर कर दिया.

Fatehpur Crime News

Fatehpur Crime News

नितेश श्रीवास्तव

14 Jun 2026 (अपडेटेड: 14 Jun 2026, 10:04 AM)

follow google news

Fatehpur Honor Killing: उत्तर प्रदेश का फतेहपुर जिला और तारीख 12 जून 2026 की वो काली रात. थरियाव थाना क्षेत्र की हसवा पुलिस चौकी में अचानक एक 22 साल का लड़का खुद चलकर पहुंचता है. उसके चेहरे पर न तो कोई खौफ था और न ही कोई शिकन. वह पुलिसकर्मियों के ठीक सामने खड़ा होता है और बेहद ठंडे दिमाग से कहता है- हुजूर, मैंने अपनी सगी बहन की हत्या कर दी है और उसकी लाश को पास के कुएं में फेंक आया हूं. यह सुनते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच जाता है. एक सगा भाई अपनी ही बहन का कातिल बन चुका था. इस खौफनाक ऑनर किलिंग के पीछे जो सच छिपा था, उसने पूरे इलाके को सन्न कर दिया.

यह भी पढ़ें...

महज 44 दिन पहले हुई थी शादी

इस दिल दहला देने वाली वारदात की शिकार बनी 19 साल की रंजू यादव. रंजू की शादी महज 44 दिन पहले यानी 1 मई 2026 को राधा नगर थाना क्षेत्र के सोनाई बड़नपुर निवासी पिंटू उर्फ अजय यादव के साथ हुई थी. मां-बाप मजदूरी करके घर चलाते थे. तीन भाई और तीन बहनों के इस परिवार में सब कुछ ठीक चल रहा था, लेकिन शादी के बाद से ही पति-पत्नी के बीच अनबन रहने लगी थी. इसी वजह से रंजू का बड़ा भाई संदीप यादव उसे एक दिन पहले ही उसके ससुराल से वापस अपने मायके लेकर आ रहा था.

दिमाग में चल रहा था खौफनाक प्लान, जंगल में देखा 'वो' मंजर

संदीप अपनी बहन को ससुराल से ला तो रहा था, लेकिन उसके दिमाग में कुछ और ही खौफनाक साजिश चल रही थी. संदीप को अंदेशा था कि उसकी बहन रंजू का दूसरे समुदाय के एक लड़के के साथ प्रेम प्रसंग चल रहा है. उसे डर था कि रंजू वापस अपने मायके आकर या ससुराल छोड़कर उसी लड़के के साथ भाग सकती है. रास्ते में दोनों के बीच इसी बात को लेकर तीखी बहस शुरू हो गई. संदीप ने रंजू को समझाने की कोशिश की, लेकिन रंजू अपनी बात पर अड़ी रही और वापस अपने ससुराल जाने को तैयार नहीं हुई.

इसी बीच संदीप को भनक लगी कि उसकी बहन रंजू का कथित प्रेमी पास के ही एक जंगल में मौजूद है. संदीप जब वहां पहुंचा, तो उसने रंजू और उसके कथित प्रेमी को एक साथ देख लिया. भाई को सामने देखकर कथित प्रेमी तो मौके से फरार हो गया, लेकिन गुस्से और तथाकथित इज्जत के नाम पर अंधा हो चुका संदीप अपना आपा खो बैठा. उसने वहीं जंगल में रंजू का गला दबाकर उसे मौत के घाट उतार दिया. जब रंजू की सांसें थम गईं, तो सबूत मिटाने के लिए उसने शव को पास ही एक गहरे कुएं में फेंक दिया.

खुद पुलिस चौकी पहुंचकर किया सरेंडर

बहन की बेरहमी से हत्या करने के बाद आरोपी भाई संदीप यादव सीधा हसवा पुलिस चौकी पहुंचा और अपना जुर्म कबूल करते हुए सरेंडर कर दिया. युवक की बात सुनते ही थरियाव थाना पुलिस तुरंत हरकत में आई. पुलिस परिजनों को साथ लेकर घटनास्थल पर पहुंची और कुएं से मृतका रंजू के शव को बाहर निकलवाया. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आरोपी भाई संदीप को हिरासत में लेकर आगे की सख्त पूछताछ में जुट गई है.

पुलिस अधिकारी का आधिकारिक बयान:

"हसवा चौकी थाना थरिया में संदीप यादव (उम्र करीब 22 वर्ष) नाम का एक युवक स्वयं आया. उसने बताया कि कल रात्रि को वह अपनी बहन को ससुराल से मायके लेकर आ रहा था, तभी रास्ते में उसने अपनी बहन का गला दबाकर हत्या कर दी और डेड बॉडी को कुएं में फेंक दिया. पुलिस ने तुरंत परिजनों से संपर्क कर घटनास्थल से शव बरामद किया. मृतका की शादी करीब डेढ़ महीने पहले हुई थी. भाई को अंदेशा था कि उसकी बहन दूसरे समुदाय के युवक के साथ जा सकती है. बातचीत के दौरान जब युवती नहीं मानी, तब यह घटना कारित हुई. चूंकि युवक स्वयं चौकी आया था, इसलिए वह पुलिस हिरासत में है और पोस्टमार्टम के बाद अग्रिम कार्रवाई की जा रही है."

एक तरफ जहां मजदूरी करने वाले मां-बाप अपनी बेटी की विदाई के बाद उसकी खुशियों की दुआ कर रहे थे, वहीं सगे भाई के हाथों हुए इस खौफनाक अंजाम ने सबको हिलाकर रख दिया है. पुलिस फरार कथित प्रेमी की भी तलाश कर रही है.