गर्लफ्रेंड का चक्कर, 3 दोस्त और शराब पार्टी... बांदा में GF से बात करने पर सागर और संजू ने अपने ही दोस्त गुड्डू की कर दी हत्या

बांदा में दोस्ती, प्यार और शक से जुड़ा एक विवाद खूनी वारदात में बदल गया. मटौंध थाना क्षेत्र के भूरागढ़ चौकी इलाके में एक युवक की ईंट, पत्थर और डंडों से पीटकर हत्या कर दी गई. पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि मृतक गुड्डू अपने दोस्त सागर की गर्लफ्रेंड से बातचीत करता था.

Banda Murder Case

Banda Murder Case

Google CTA

Banda Murder Case: बांदा में दोस्ती, प्यार और शक से जुड़ा एक विवाद खूनी वारदात में बदल गया. मटौंध थाना क्षेत्र के भूरागढ़ चौकी इलाके में एक युवक की ईंट, पत्थर और डंडों से पीटकर हत्या कर दी गई. पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि मृतक गुड्डू अपने दोस्त सागर की गर्लफ्रेंड से बातचीत करता था. इसी बात को लेकर दोनों के बीच पहले भी विवाद हुआ था. मंगलवार रात तीनों दोस्तों ने साथ बैठकर शराब पी और इसी दौरान फिर युवती से बातचीत का मुद्दा उठा. विवाद बढ़ने पर सागर और संजू ने तौर पर गुड्डू पर हमला कर दिया. पुलिस ने वारदात के कुछ ही घंटों बाद दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया और हत्या में इस्तेमाल किए गए हथियार भी बरामद कर लिए.

यह भी पढ़ें...

खेत में मिला युवक का शव

मामला मटौंध थाना क्षेत्र के भूरागढ़ चौकी इलाके का है. मंगलवार सुबह पुलिस को एक खेत में युवक का शव पड़े होने की सूचना मिली थी. पुलिस टीम मौके पर पहुंची तो शव के सिर और गर्दन पर गंभीर चोटों के निशान मिले. आसपास खून भी पड़ा था. घटनास्थल के पास शराब की बोतलें और कुछ अन्य सामान मिलने के बाद पुलिस को अंदेशा हुआ कि वारदात से पहले वहां शराब पार्टी हुई थी. मृतक की पहचान तिंदवारी निवासी गुड्डू के रूप में हुई. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी.

तीनों दोस्त साथ में करते थे काम

पुलिस जांच में पता चला कि गुड्डू, सागर और संजू आपस में दोस्त थे और तीनों साथ काम भी करते थे. पुलिस के मुताबिक, घटना वाली रात भी तीनों एक साथ बैठे थे. पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि सागर जिस युवती से प्रेम करता था, उससे गुड्डू भी बातचीत करने लगा था. इसी बात को लेकर दोनों के बीच पहले भी कई बार कहासुनी हो चुकी थी. आरोपियों का कहना है कि उन्होंने गुड्डू को इस बारे में कई बार समझाया था, लेकिन वह नहीं माना.

क्या हुआ था उस शराब पार्टी में?

पुलिस के अनुसार, मंगलवार रात तीनों ने साथ बैठकर शराब पी. इसी दौरान युवती से बातचीत का मुद्दा दोबारा सामने आ गया. देखते ही देखते बात बढ़ गई और विवाद मारपीट तक पहुंच गया. आरोप है कि सागर और संजू ने गुस्से में गुड्डू पर हमला कर दिया. दोनों ने ईंट, पत्थर और डंडों से उसके सिर और गर्दन पर कई वार किए. गंभीर चोट लगने के कारण गुड्डू ने मौके पर ही दम तोड़ दिया. वारदात के बाद दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए. सूचना मिलने पर पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे और मौके का निरीक्षण किया. पुलिस टीम ने वहां से साक्ष्य जुटाए और आरोपियों की तलाश शुरू की. मामले की गंभीरता को देखते हुए कई पुलिस टीमों को लगाया गया. पुलिस के मुताबिक, कुछ ही घंटों में सागर और संजू को गिरफ्तार कर लिया गया. पूछताछ के दौरान दोनों ने हत्या की बात स्वीकार करते हुए घटना के पीछे युवती से बातचीत को लेकर हुए विवाद की जानकारी दी.

आरोपियों की निशानदेही पर हथियार बरामद

पुलिस ने गिरफ्तार किए गए दोनों आरोपियों की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल किए गए आलाकत्ल (हत्या में इस्तेमाल किया गया हथियार) भी बरामद कर लिए हैं. अधिकारियों के अनुसार, मामले में उपलब्ध साक्ष्यों को जुटाने के साथ ही घटना से जुड़े दूसरे पहलुओं की भी जांच की जा रही है. दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया. पुलिस अब मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है.

हत्या समेत कई केस दर्ज

जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि मृतक गुड्डू तिंदवारी थाना क्षेत्र का हिस्ट्रीशीटर था. उसके खिलाफ हत्या समेत कई गंभीर आपराधिक मामले पहले से दर्ज थे. हालांकि, पुलिस का कहना है कि मौजूदा हत्या की वजह उसके पुराने आपराधिक रिकॉर्ड से जुड़ी नहीं दिख रही है. शुरुआती जांच में युवती से बातचीत को लेकर पैदा हुआ विवाद ही हत्या की वजह प्रतीत हो रहा है. पुलिस घटना के अन्य पहलुओं की भी पड़ताल कर रही है, ताकि वारदात से जुड़ी सभी कड़ियां साफ हो सकें.

पुलिस ने क्या बताया?

अपर पुलिस अधीक्षक (ASP) शिवराज ने बताया, 'मटौंध थाना क्षेत्र में हुई हत्या के मामले में दो आरोपियों सागर और संजू को गिरफ्तार कर लिया गया है. दोनों आरोपियों ने अपने तीसरे साथी गुड्डू की ईंट, पत्थर और डंडे से हमला कर हत्या कर दी थी. पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल किए गए आलाकत्ल भी बरामद कर लिए हैं. दोनों को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है. मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है.' ASP के मुताबिक, मृतक और दोनों आरोपी आपस में दोस्त थे और एक साथ काम भी करते थे. पुलिस अब कॉल डिटेल, घटनास्थल से मिले साक्ष्य और पोस्टमार्टम रिपोर्ट समेत अन्य पहलुओं के आधार पर जांच आगे बढ़ा रही है. शुरुआती तौर पर सामने आया है कि दोस्ती के बीच पैदा हुआ शक और गुस्सा इस वारदात की वजह बना.