Imran Pratapgarhi and Atiq Ahmed News: छोटे बेटे अबान अहमद की मौत के बाद एक बार फिर अतीक अहमद से जुड़े पुराने वीडियो और बयान चर्चा में हैं. इसी बीच कांग्रेस सांसद और शायर इमरान प्रतापगढ़ी का एक पुराना वीडियो सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है. वीडियो में इमरान प्रतापगढ़ी एक मंच पर अतीक अहमद की मौजूदगी में शेर पढ़ते और उसकी तारीफ करते नजर आए थे. अब अबान की मौत के बाद यह पुराना वीडियो एक बार फिर सामने आया है और इसे लेकर चर्चा शुरू हो गई है. चर्चा ये है कि एक समय अतीक की शान में कसीदे पढ़ने वाले इमरान अब उसके बेटे अबान की मौत पर शांत क्यों हैं?
ADVERTISEMENT
अतीक की शान में इमरान ने पढ़ा था ये शेर
“ये इक शायर का दावा है, कभी भी रद्द नहीं होगा,
तेरे कद के बराबर अब किसी का कद नहीं होगा.
इलाहाबाद वालों, बात मेरी याद रखना तुम,
कई सदियों तलक कोई अतीक अहमद नहीं होगा.”
इमरान प्रतापगढ़ी के जीवन में था अतीक का बड़ा रोल
कहा जाता है कि इमरान प्रतापगढ़ी को ‘इमरान प्रतापगढ़ी’ बनाने में अतीक अहमद की बड़ी भूमिका थी. यह भी कहा जाता है कि यूपी का सबसे बड़ा अवॉर्ड अतीक अहमद के एक फोन करने के बाद उन्हें दिया गया था और इसके साथ कुछ राशि भी इमरान प्रतापगढ़ी को मिलने लगी थी.
जिस अतीक अहमद ने इमरान प्रतापगढ़ी के लिए काफी कुछ किया, अब उसी अतीक अहमद के परिवार की सबसे मुश्किल घड़ी में इमरान प्रतापगढ़ी के नाम को लेकर चर्चा हो रही है. आरोप लगाया जा रहा है कि इमरान प्रतापगढ़ी ने न तो अतीक अहमद का नाम लिया और न ही परिवार के दुख में उनके साथ खड़े हुए.
सोशल मीडिया पर अतीक अहमद को जानने वाले लोग इमरान प्रतापगढ़ी को लेकर लगातार लिख रहे हैं. इमरान प्रतापगढ़ी की तस्वीरों के साथ भी कई पोस्ट किए जा रहे हैं. इनमें अतीक अहमद के बेटे के इंतकाल के बाद इमरान प्रतापगढ़ी के वहां शामिल नहीं होने और इस मामले पर कुछ नहीं कहने को लेकर सवाल उठाए जा रहे हैं.
इमरान प्रतापगढ़ी का पुराना वीडियो फिर चर्चा में
इमरान प्रतापगढ़ी के शायर के तौर पर एक पुराने वीडियो की भी चर्चा हो रही है. यह वीडियो मार्च-अप्रैल 2023 में अतीक अहमद और अशरफ की हत्या के बाद सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ था. बताया गया था कि यह वीडियो करीब सात साल पुराना है. यानी यह उस समय का है, जब इमरान प्रतापगढ़ी कांग्रेस में शामिल नहीं हुए थे.
वीडियो को लेकर विवाद बढ़ने के बाद इमरान प्रतापगढ़ी ने सफाई दी थी कि वीडियो पुराना है और मंच पर कविता सुनाने से पहले वह कार्यक्रम में मौजूद अतिथियों के बारे में बोल रहे थे. उन्होंने अतीक अहमद के साथ किसी विशेष राजनीतिक या व्यक्तिगत संबंध के आरोपों को लेकर भी अपना पक्ष रखा था.
अबान की मौत के बाद फिर चर्चा में अतीक का परिवार
अतीक अहमद की मौत के तीन साल से ज्यादा समय बाद उसके परिवार से जुड़ी घटनाओं के कारण प्रयागराज में एक बार फिर उसका नाम चर्चा में है. हाल ही में अतीक अहमद के छोटे बेटे अबान अहमद की झांसी में सड़क हादसे में मौत हो गई.
इसके बाद अबान अहमद को प्रयागराज के कसारी-मसारी कब्रिस्तान में अतीक अहमद, अशरफ और असद की कब्रों के पास सुपुर्द-ए-खाक किया गया.
इसी के बाद सोशल मीडिया पर इमरान प्रतापगढ़ी को लेकर सवाल उठाए जा रहे हैं. पोस्ट में कहा जा रहा है कि अतीक अहमद के परिवार की इस दुख की घड़ी में इमरान प्रतापगढ़ी ने उनका हाल तक नहीं पूछा. इसी बात को लेकर सोशल मीडिया पर इमरान प्रतापगढ़ी के खिलाफ काफी लिखा जा रहा है.
ADVERTISEMENT











