माफिया अतीक अहमद के सबसे छोटे बेटे अबान की झांसी में हुई सड़क दुर्घटना में मौत के बाद यह मामला थमने का नाम नहीं ले रहा है. एक तरफ अबान के सुपुर्द-ए-खाक के दौरान अतीक के बेटे उमर और अली के काफिले द्वारा टोल प्लाजा पर की गई तोड़फोड़ और गुंडागर्दी के मामलों में एफआईआर दर्ज हो रही है. वहीं दूसरी तरफ अब इस हादसे को लेकर भारी सियासी बयानबाजी शुरू हो गई है. महाराष्ट्र समाजवादी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष और विधायक अबू आजमी ने अबान की मौत को 'साजिश' करार देते हुए इसकी निष्पक्ष जांच की मांग की है. अबू आजमी ने उत्तर प्रदेश पुलिस और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व वाली सरकार की कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं.
ADVERTISEMENT
अबू आजमी का सरकार और पुलिस पर सीधा हमला
आजमगढ़ पहुंचे सपा नेता अबू आजमी ने मीडिया से बातचीत के दौरान अबान की मौत पर गहरा संदेह जताया. उन्होंने कहा 'इस पूरी घटना की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए. लेकिन जांच करेगा कौन? जो लोग दिन-दहाड़े पुलिस कस्टडी में किसी व्यक्ति को गोली मरवाकर उसकी हत्या करवा देते हैं, वे क्या निष्पक्ष जांच करेंगे? इस सरकार और पुलिस से न्याय की कोई उम्मीद नहीं दिखती.'
पूरी घटनाक्रम को बताया संदिग्ध
अबू आजमी ने आगे कहा कि जिस परिस्थिति में यह हादसा हुआ है वह कई स्वाभाविक सवाल खड़े करता है. उन्होंने कहा कि कानून को बिना किसी हस्तक्षेप और राजनीतिक भेदभाव के अपना काम करने दिया जाना चाहिए. केवल एक पारदर्शी जांच ही इस पूरे मामले की सच्चाई सामने ला सकती है और जनता का भरोसा बहाल कर सकती है. हालांकि न्यायपालिका पर टिप्पणी करने से बचते हुए उन्होंने कहा कि अब कोर्ट ही एकमात्र रास्ता बचा है.
एक तरफ सियासी घमासान दूसरी तरफ समर्थकों पर शिकंजा
सपा नेता के इस बयान से पहले प्रतापगढ़ से सपा विधायक डॉ. आरके वर्मा भी अतीक के घर शोक व्यक्त करने पहुंचे थे, जिसके बाद से ही समाजवादी पार्टी की मंशा पर सवाल उठ रहे थे. वहीं दूसरी तरफ कानून-व्यवस्था के मोर्चे पर पुलिस का शिकंजा अतीक के समर्थकों पर कसता जा रहा है.
टोल प्लाजा पर तांडव और FIR
अबान के अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए लखनऊ और झांसी जेल से पैरोल पर आए उमर और अली के काफिले के साथ चल रही गाड़ियों ने प्रतापगढ़ के अख्तियारी और प्रयागराज के नवाबगंज टोल प्लाजा पर जमकर बवाल किया था. बिना टोल दिए बैरियर तोड़ने और कर्मचारियों को कुचलने की कोशिश के आरोप में पुलिस ने कई अज्ञात समर्थकों और वाहनों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है.
ADVERTISEMENT











