मुंबई, नोएडा, प्रयागराज समेत कई जिलों में फर्जी नाम और पहचान के जरिए करीब 25 शादियां करने के आरोपी और भाजपा विधायक ज्ञान तिवारी के समधी अनुज त्रिवेदी की मुश्किलें बढ़ती नजर आ रही हैं. भाजपा विधायक ज्ञान तिवारी की ओर से सीतापुर में दर्ज कराई गई एफआईआर के बाद ठगी का आरोप लगाने वाली कई महिलाएं भी सीतापुर पहुंची हैं. इन महिलाओं ने अधिकारियों से मुलाकात कर कार्रवाई की मांग की है.
ADVERTISEMENT
तीन दिन पहले सीतापुर पहुंचीं चार महिलाओं ने संयुक्त हस्ताक्षर वाला प्रार्थना पत्र प्रशासन को दिया. प्रार्थना पत्र में महिलाओं ने अनुज त्रिवेदी पर करीब 600 करोड़ रुपये की ठगी और 1 किलो सोने के जेवर धोखाधड़ी से ले जाने का आरोप लगाया है.
चार महिलाओं ने लगाए ठगी के आरोप
प्रशासन को दिए गए प्रार्थना पत्र के मुताबिक, चार महिलाओं का आरोप है कि अनुज त्रिवेदी ने अजय अग्रवाल, अजय सिंह, चंद्र प्रकाश, संतोष सिंह, अजय गुप्ता और व्वायरल सिंह जैसे नामों से फर्जी आईडी बनाकर करीब 25 महिलाओं से शादी की और उनके साथ शारीरिक संबंध बनाए. प्रार्थना पत्र में अलग-अलग महिलाओं से कथित तौर पर ठगी की रकम और आभूषणों का भी जिक्र किया गया है.
पुलिस पर भी लगाए आरोप
महिलाओं ने अपने प्रार्थना पत्र में आरोप लगाया है कि भाजपा सरकार होने और राजनीतिक पकड़ के कारण स्थानीय पुलिस उनकी मदद नहीं कर रही है. आरोप या भी है कि 2 महिलाओं की शिकायत प्रयागराज में दर्ज नहीं हो रही है. प्रार्थना पत्र में यह भी आरोप लगाया गया है कि उन्हें बार-बार थाने से अपमानित करके वापस भेज दिया जाता है. महिलाओं ने अनुज के साथ-साथ उसके बेटे प्रखर पर भी आरोपों लगाए हैं.
भाजपा विधायक ने भी दर्ज कराई FIR
महिलाओं की ओर से लगाए गए आरोपों से अलग, अनुज त्रिवेदी के समधी और भाजपा विधायक ज्ञान तिवारी ने भी अपने विधानसभा क्षेत्र के रेउसा थाने में अनुज त्रिवेदी के खिलाफ धोखाधड़ी की रिपोर्ट दर्ज कराई है.
मालूम हो कि अभी हालिया ज्ञान तिवारी ने अपने फेसबुक अकाउंट पर बेटी डॉक्टर प्रज्ञा तिवारी के साथ लाइव आकर भी अपने समधी अनुज त्रिवेदी के खिलाफ आरोपों की झड़ी लगाई थी. उन्होंने अनुज त्रिवेदी को उसके 'कर्मों' के लिए फांसी की सजा दिए जाने तक की बात कही थी.
मुंबई की जेल में बंद है अनुज त्रिवेदी
अनुज त्रिवेदी सीतापुर के मिश्रिख थाना क्षेत्र के चंद्रावल गांव का मूल निवासी है. वहां उसकी काफी खेती है और उसका एक स्कूल भी चलता है.
जानकारी के मुताबिक, खुद को मुंबई समेत कई शहरों में रियल एस्टेट कारोबारी बताकर अनुज त्रिवेदी ने ज्ञान तिवारी की बेटी से अपने बेटे का रिश्ता किया था. 17 जून को महाराष्ट्र के मुंबई के डोंबिवली थाने में दर्ज एफआईआर के बाद अनुज त्रिवेदी मुंबई की यरवडा जेल में बंद है.
उसके बेटे प्रखर पर भी आरोप लगाए गए हैं, हालांकि प्रखर पुलिस अभिरक्षा में है या नहीं इसे लेकर अभी तक कोई स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है.
अब सीतापुर तक पहुंचेगा मामला
करीब 25 शादियां पहचान छिपाकर करने के आरोपी अनुज त्रिवेदी के खिलाफ मामला अभी तक महाराष्ट्र और प्रदेश के कई अन्य जिलों तक सीमित था. अब भाजपा विधायक ज्ञान तिवारी की ओर से दर्ज कराई गई एफआईआर और ठगी का आरोप लगाने वाली महिलाओं के सीतापुर पहुंचकर प्रशासन से न्याय की गुहार लगाने के बाद मामले की जांच का दायरा सीतापुर तक पहुंचने की बात सामने आई है.
सीतापुर में विवेचना पहुंचने के बाद इस मामले से जुड़े नए तथ्यों के सामने आने की संभावना है. इससे अनुज त्रिवेदी पर लगाए गए पुराने आरोपों से जुड़े पहलुओं की भी जांच हो सकती है.
ADVERTISEMENT











