RAC टिकट पर सफर करने वालों को मिली बड़ी सौगात, रेलवे ने जारी किया ये आदेश

आयशा शेख़

• 01:11 PM • 10 Aug 2026

रेलवे ने AC कोच में RAC टिकट पर सफर करने वाले यात्रियों के लिए बेडरोल को लेकर निर्देश दोहराया है. अब RAC यात्रियों को भी पात्र यात्रियों की तरह पूरा बेडरोल किट देना जरूरी होगा, जिसमें चादर और कंबल जैसी सुविधाएं शामिल हैं.

UP Tak

Photo Source - AI Generated

Google CTA

India Railway: ट्रेन में RAC टिकट लेकर सफर करने वाले यात्रियों के लिए रेलवे ने एक बार फिर बड़ा निर्देश जारी किया है. अब AC कोच में RAC यात्रियों को भी दूसरे यात्रियों की तरह पूरा बेडरोल किट दिया जाना जरूरी होगा. इसमें चादर और कंबल जैसी जरूरी चीजें शामिल हैं.

यह भी पढ़ें...

दरअसल, RAC यात्रियों को बेडरोल किट नहीं मिलने या पर्याप्त सामान नहीं दिए जाने की शिकायतें लगातार रेलवे के पास पहुंच रही थीं. शिकायतें लगभग सभी रेलवे जोन से मिलने के बाद रेलवे मंत्रालय ने अपने पुराने निर्देश को दोहराया है.

क्या है रेलवे का नया निर्देश?

रेलवे मंत्रालय ने कहा कि अलग-अलग माध्यमों से RAC यात्रियों को बेडरोल किट नहीं मिलने या पर्याप्त बेडरोल उपलब्ध नहीं कराने की शिकायतें अभी भी मिल रही हैं.

इसी को देखते हुए मंत्रालय ने रेलवे बोर्ड के पहले से जारी निर्देशों का सख्ती से पालन करने को कहा है. निर्देश के मुताबिक, AC कोच में सफर करने वाले हर RAC यात्री को पूरा बेडरोल किट देना होगा. हालांकि, इसमें AC चेयर कार को शामिल नहीं किया गया है.

RAC यात्रियों को क्या मिलेगा?

रेलवे के निर्देश के अनुसार, AC कोच में RAC टिकट पर सफर करने वाले यात्रियों को भी उसी तरह पूरा बेडरोल किट मिलना चाहिए, जैसे उसी कोच में सफर करने वाले अन्य पात्र यात्रियों को दिया जाता है.

यानी RAC होने की वजह से यात्री को बेडरोल सुविधा से वंचित नहीं किया जा सकता. रेलवे ने साफ कहा है कि संबंधित कर्मचारियों को इस निर्देश का पालन सुनिश्चित करना होगा.

RAC में सफर का ये अनुभव भी समझिए

रेलवे के इस फैसले को समझने के लिए मेरा एक अनुभव भी यहां बताना जरूरी है. एक बार मैं सेकंड एसी में सफर कर रही थी. मुझे तो पूरा बेडरोल सेट मिला हुआ था, लेकिन मेरे बराबर वाली सीट पर कुछ यात्री RAC टिकट पर सफर कर रहे थे.

उस समय ठंड का मौसम था. उन्हें सिर्फ एक किट दी गई थी. अब एक ही कंबल को दो यात्री कैसे शेयर करें, यह अपने आप में परेशानी वाली बात थी. उन्होंने टीटी को बुलाकर कहा कि अगर संभव हो तो एक और तकिया और एक चादर दे दीजिए, ताकि रात में ठंड से परेशानी न हो. टीटी की तरफ से जवाब मिला कि RAC यात्रियों के लिए यह उपलब्ध नहीं हो सकता. 

उस वक्त लगा कि RAC टिकट लेकर सफर करने वाले यात्रियों के सामने यह कितनी छोटी दिखने वाली, लेकिन असल में बड़ी परेशानी है. अब रेलवे मंत्रालय ने जब दोबारा साफ कर दिया है कि AC कोच में RAC यात्रियों को भी पूरा बेडरोल किट दिया जाना है, तो ऐसे अनुभवों को देखकर इस फैसले की अहमियत समझ आती है. 

एक बर्थ पर दो यात्रियों की होती है व्यवस्था

RAC (रद्द करने पर आरक्षण) में यात्रियों को ट्रेन में सफर करने की अनुमति होती है, लेकिन एक बर्थ पर दो यात्रियों को जगह दी जाती है. ऐसे में यात्रियों के बीच बर्थ साझा करनी पड़ती है.

RAC यात्रियों के लिए सफर की यह व्यवस्था पहले से तय है, लेकिन बेडरोल किट को लेकर शिकायतें लगातार सामने आने के बाद रेलवे मंत्रालय को दोबारा यह बात स्पष्ट करनी पड़ी है.