UPSC Recruitment 2026: संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) ने ग्रुप A और ग्रुप B के कुल 33 पदों पर भर्ती निकाली है. इन पदों के लिए आवेदन प्रक्रिया 8 अगस्त 2026 से शुरू हो चुकी है. सामान्य पदों के लिए आवेदन की आखिरी तारीख 28 अगस्त 2026 शाम 6 बजे है.
ADVERTISEMENT
वहीं, लद्दाख प्रशासन से जुड़े दो पदों के लिए उम्मीदवारों को थोड़ा ज्यादा समय दिया गया है. इन पदों पर आवेदन की अंतिम तारीख 4 सितंबर 2026 है. लद्दाख की इन दोनों वैकेंसी के लिए सिर्फ वहां के डोमिसाइल उम्मीदवार ही आवेदन कर सकते हैं.
इंजीनियरिंग से लेकर रिसर्च, कानून, बागवानी और मृदा संरक्षण तक अलग-अलग क्षेत्रों में नौकरी का मौका है, लेकिन आवेदन करने से पहले योग्यता और अनुभव की शर्तें जरूर देख लें, क्योंकि सिर्फ डिग्री होने से हर पद के लिए पात्रता पूरी नहीं होगी.
UPSC में किन पदों पर भर्ती?
- असिस्टेंट एग्जीक्यूटिव इंजीनियर (सिविल)- 1 पद
- असिस्टेंट एग्जीक्यूटिव इंजीनियर (इलेक्ट्रॉनिक्स)- 9 पद
- असिस्टेंट डायरेक्टर (इंजीनियरिंग)- 1 पद
- सुपरिंटेंडेंट ट्रांसलेशन (हिंदी शाखा)- 1 पद
- रिसर्च ऑफिसर- 11 पद
- हॉर्टिकल्चर डेवलपमेंट ऑफिसर- 4 पद
- सॉयल कंजर्वेशन असिस्टेंट- 7 पद
उम्र कितनी होनी चाहिए?
इन पदों के लिए अधिकतम आयु सीमा पद के हिसाब से अलग है. सामान्य अधिकतम आयु 30, 35 या 40 वर्ष तक निर्धारित की गई है. नियमों के अनुसार आरक्षित वर्गों को आयु में छूट मिलेगी. OBC उम्मीदवारों को तीन साल और SC/ST उम्मीदवारों को पांच साल तक की छूट मिल सकती है. दिव्यांग उम्मीदवारों के लिए अधिकतम 10 साल तक की छूट का प्रावधान है. हालांकि अधिकतम आयु 56 वर्ष तक सीमित रहेगी.
आवेदन शुल्क सिर्फ 25 रुपये
इस भर्ती के लिए आवेदन शुल्क 25 रुपये रखा गया है. महिला उम्मीदवारों के साथ-साथ SC, ST और दिव्यांग उम्मीदवारों को शुल्क से छूट दी गई है. अन्य पात्र उम्मीदवार शुल्क का भुगतान वीजा, मास्टर या रुपे क्रेडिट/डेबिट कार्ड, UPI या इंटरनेट बैंकिंग के जरिए कर सकते हैं.
चयन कैसे होगा?
UPSC जरूरत पड़ने पर आवेदनों की संख्या कम करने के लिए उम्मीदवारों की शॉर्टलिस्टिंग कर सकता है. इसके लिए उच्च शैक्षणिक योग्यता, ज्यादा अनुभव या भर्ती परीक्षा जैसे आधारों का इस्तेमाल किया जा सकता है. शॉर्टलिस्ट किए गए उम्मीदवारों को इंटरव्यू के लिए बुलाया जाएगा. इंटरव्यू 100 अंकों का होगा.
ऐसे करें UPSC Recruitment 2026 के लिए आवेदन
उम्मीदवारों को आवेदन UPSC के ऑनलाइन भर्ती आवेदन पोर्टल के जरिए करना होगा. आवेदन के दौरान पहले Universal Registration Number (URN) प्रोफाइल तैयार करना होगा. इसके बाद संबंधित भर्ती मॉड्यूल खोलकर पद का चयन करना होगा.
फॉर्म भरते समय फोटो, लाइव फोटो, हस्ताक्षर और जरूरी दस्तावेज अपलोड करने होंगे. हस्ताक्षर सफेद कागज पर तीन बार करके अपलोड करने हैं. जन्मतिथि, डिग्री, अनुभव और आरक्षण से जुड़े दावों के समर्थन में जरूरी दस्तावेजों की PDF भी जमा करनी होगी.
फॉर्म सबमिट करने और शुल्क का भुगतान करने से पहले सभी जानकारियां अच्छी तरह जांच लें. आवेदन जमा होने के बाद उसकी कॉपी अपने पास सुरक्षित रखना भी बेहतर रहेगा.
ADVERTISEMENT











