Bachhrawan Industrial Area: उत्तर प्रदेश में औद्योगिक विकास को रफ्तार देने के लिए एक और बड़ा कदम उठाया जा रहा है. रायबरेली जिले के बछरावां में 104 वर्ग किलोमीटर के इलाके में यूपी का सबसे बड़ा औद्योगिक क्षेत्र विकसित किया जाएगा. इस बड़े प्रोजेक्ट को विकसित करने के लिए करीब 26 हजार करोड़ रुपये का निवेश किया जाएगा. इससे राज्य के 2.5 लाख से ज्यादा युवाओं के लिए सीधे तौर पर रोजगार के नए दरवाजे खुलेंगे.
ADVERTISEMENT
यूपी का सबसे बड़ा औद्योगिक क्षेत्र
उत्तर प्रदेश स्टेट कैपिटल रीजन के तहत सरकार की लखनऊ-रायबरेली कॉरिडोर को एक बड़ा निर्माण केंद्र बनाने की तैयारी है. इसके तहत बछरावां में 104 वर्ग किलोमीटर के क्षेत्र में करीब 26 हजार करोड़ की लागत से प्रदेश का सबसे बड़ा औद्योगिक क्षेत्र विकसित किया जाएगा. इस योजना से 2.50 लाख लोगों को सीधे तौर पर नौकरी मिलेगी और करीब पांच लाख लोगों को अप्रत्यक्ष रूप से रोजगार के अवसर मिलेंगे.
इन प्रमुख उद्योगों को मिलेगा बढ़ावा
रायबरेली में पहले से ही रेल कोच कारखाना और ताप बिजली घर मौजूद हैं. अब इस नए औद्योगिक क्षेत्र में कई और बड़ी फैक्ट्रियां लगेंगी. यहां ऑटो, ऑटो पार्ट्स, रेलवे से जुड़ी इकाइयां, भवन निर्माण सामग्री, सीमेंट, सिरेमिक, रक्षा (डिफेंस), खाद्य प्रसंस्करण (फूड प्रोसेसिंग) और लकड़ी से जुड़े उद्योग लगाए जाएंगे. इसके अलावा, यहां बड़े गोदाम भी बनाए जाएंगे.
माल परिवहन के लिए बनेगा केंद्र
उद्योगों की सुविधा के लिए बछरावां में नेशनल हाईवे 30 (NH-30) के किनारे एक बड़ा माल परिवहन केंद्र भी बनाया जाएगा. यह 150 हेक्टेयर जमीन पर 1300 करोड़ रुपये की लागत से बनेगा. इसकी क्षमता हर साल 30 लाख टन माल संभालने की होगी. इसमें बड़े गोदाम, कोल्ड स्टोरेज, कंटेनर डिपो, हवाई माल केंद्र (एयर कार्गो), रेल साइडिंग और टर्मिनल भवन जैसी सभी आधुनिक सुविधाएं होंगी. इस पूरे काम को चार अलग-अलग चरणों में पूरा किया जाएगा.
प्रोजेक्ट को लेकर अधिकारियों का बयान
लखनऊ विकास प्राधिकरण (एलडीए) के वीसी प्रथमेश कुमार ने इस योजना को लेकर अहम जानकारी दी है. उन्होंने बताया कि यूपी एससीआर के तहत इस पूरी योजना का प्रेजेंटेशन सरकार के सामने किया जा चुका है. यह प्रोजेक्ट इस पूरे क्षेत्र में उद्योगों को बढ़ावा देने के साथ ही लोगों के लिए रोजगार के नए रास्ते खोलेगा.
यह भी पढ़ें: यूपी के इस जिले में बनेगा नया 'प्लग एंड प्ले' औद्योगिक कॉरिडोर, 160 एकड़ में बिछेगा 100 से ज्यादा फैक्ट्रियों का जाल!
ADVERTISEMENT











