UP Weather Update: उत्तर प्रदेश में मानसून का असर लगातार बना हुआ है और कल 10 अगस्त को भी प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है. मौसम विभाग के लखनऊ केंद्र ने पश्चिमी और पूर्वी यूपी के लिए बारिश का पूर्वानुमान जारी करते हुए कई जिलों में येलो अलर्ट घोषित किया है. वहीं ललितपुर और सोनभद्र में लगभग सभी स्थानों पर बारिश होने की संभावना जताई गई है, जबकि कई अन्य जिलों में अनेक स्थानों पर बारिश हो सकती है. इस दौरान गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने और कुछ इलाकों में भारी बारिश की स्थिति बन सकती है.
ADVERTISEMENT
पश्चिमी यूपी में इन जिलों में बारिश का अनुमान
मौसम विभाग के मुताबिक पश्चिमी यूपी में कुछ स्थानों पर बारिश और गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की बहुत संभावना है. विभाग के अनुसार पश्चिमी यूपी - संभाग में कुछ स्थानों पर वर्षा/गरज चमक के साथ बौछारें पड़ने की बहुत सम्भावना है. येलो अलर्ट - संभाग में कहीं-कहीं पर भारी वर्षा की बहुत सम्भावना है. 10 अगस्त को सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर, बिजनौर, बागपत, लखीमपुर खीरी, बहराइच, श्रावस्ती, बलरामपुर, सीतापुर, गोंडा, सिद्धार्थनगर, बाराबंकी, लखनऊ, उन्नाव, कानपुर नगर, कानपुर देहात, कन्नौज औरैया में भी अनेक स्थानों पर बारिश की संभावना है.
पूर्वी यूपी में भी बारिश का दौर रहेगा जारी
पूर्वी उत्तर प्रदेश में भी मौसम सक्रिय रहने वाला है. यहां अनेक स्थानों पर बारिश के साथ गरज-चमक और बौछारें पड़ने की संभावना जताई गई है. मौसम विभाग ने कहा है पूर्वी यूपी- संभाग में अनेक स्थानों पर वर्षा/गरज चमक के साथ बौछारें पड़ने की बहुत सम्भावना है. येलो अलर्ट - संभाग में कहीं-कहीं पर भारी वर्षा की बहुत सम्भावना है. पूर्वी और मध्य यूपी के कई जिलों में बारिश की संभावना है. इनमें कानपुर देहात, कन्नौज, औरैया, जालौन, झांसी, हमीरपुर, महोबा, बांदा, फतेहपुर, चित्रकूट, प्रयागराज, भदोही (संत रविदास नगर), मिर्जापुर और चंदौली शामिल हैं. वहीं ललितपुर और सोनभद्र में लगभग सभी स्थानों पर बारिश होने की संभावना है.
14 जिलों में येलो अलर्ट जारी
कल के लिए जिन जिलों में भारी बारिश को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है, उनमें सहारनपुर, मुजफ्फरनगर, बागपत, मेरठ, जालौन, हमीरपुर, महोबा, झांसी, ललितपुर, बांदा, चित्रकूट, प्रयागराज, मिर्जापुर और सोनभद्र शामिल हैं. इन जिलों में कहीं-कहीं भारी बारिश होने की संभावना है. ऐसे में स्थानीय प्रशासन और लोगों को मौसम की स्थिति पर नजर रखने की सलाह दी गई है. खासकर बारिश के दौरान गरज-चमक वाले इलाकों में अतिरिक्त सावधानी बरतना जरूरी होगा.
किसानों के लिए जरूरी सलाह
बारिश की संभावना को देखते हुए किसानों को खेतों में पानी निकासी की व्यवस्था पहले से सुनिश्चित करने की सलाह है. जिन खेतों में पानी भरने की आशंका है, वहां नालियों और निकासी के रास्तों को साफ रखें. भारी बारिश के दौरान खेतों में अनावश्यक रूप से जाने से बचें. गरज-चमक के समय खुले खेत, पेड़ या बिजली के खंभों के आसपास खड़े न हों. फसलों को नुकसान से बचाने के लिए स्थानीय मौसम पूर्वानुमान के अनुसार कृषि कार्यों की योजना बनाना बेहतर रहेगा.
आम लोग इन बातों का रखें ख्याल
बारिश और गरज-चमक के दौरान आम लोगों को भी सावधानी बरतनी चाहिए. तेज बारिश होने पर जलभराव वाले रास्तों से गुजरने से बचें और अनावश्यक यात्रा टालें. बिजली चमकने के समय खुले स्थान, खेत और पेड़ों के नीचे खड़े न हों. वाहन चलाते समय बारिश की वजह से सड़क पर कम दृश्यता और फिसलन का ध्यान रखें. मौसम विभाग के अपडेट पर नजर बनाए रखें, खासकर येलो अलर्ट वाले जिलों में रहने वाले लोग भारी बारिश के दौरान अतिरिक्त सतर्क रहें.
ADVERTISEMENT











