UP DigiShakti Portal: उत्तर प्रदेश के युवाओं को डिजिटल तौर पर मजबूत बनाने के लिए योगी सरकार की स्वामी विवेकानंद युवा सशक्तिकरण योजना चल रही है. इस योजना के तहत पात्र छात्रों को मुफ्त टैबलेट और स्मार्टफोन दिए जाते हैं. योजना से जुड़ी पूरी प्रक्रिया के लिए सरकार ने डीजीशक्ति पोर्टल बनाया है.
ADVERTISEMENT
इस पोर्टल के जरिए छात्रों का डाटा जुटाने से लेकर डिवाइस वितरण तक की प्रक्रिया को डिजिटल तरीके से पूरा किया जाता है. छात्र अपने डाटा और डिवाइस से जुड़ी जानकारी भी पोर्टल के जरिए देख सकते हैं. इस योजना के लिए कुछ जरूरी शर्तें पूरी करनी होती हैं. आइए जानते हैं...
क्या है डीजीशक्ति पोर्टल?
डीजीशक्ति पोर्टल उत्तर प्रदेश सरकार का डिजिटल प्लेटफॉर्म है, जिसके जरिए स्वामी विवेकानंद युवा सशक्तिकरण योजना के तहत छात्रों को मुफ्त टैबलेट और स्मार्टफोन बांटे जाते हैं.
पूरी प्रक्रिया में छात्रों का डाटा उनके कॉलेज, विश्वविद्यालय या संबंधित शिक्षण संस्थान के जरिए पोर्टल पर अपलोड किया जाता है. डाटा के सत्यापन के बाद पात्र छात्रों को डिवाइस उपलब्ध कराया जाता है.
योजना का मकसद छात्रों को पढ़ाई, ऑनलाइन शिक्षा और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए डिजिटल संसाधन उपलब्ध कराना है. इसके साथ ही युवाओं को डिजिटल कौशल और ई-कंटेंट से जोड़ने पर भी जोर दिया जाता है.
कौन ले सकता है योजना का लाभ?
योजना का लाभ लेने के लिए छात्र का उत्तर प्रदेश का मूल निवासी होना जरूरी है. इसके अलावा छात्र को राज्य के किसी मान्यता प्राप्त स्कूल, कॉलेज, विश्वविद्यालय या संस्थान में पढ़ाई करनी चाहिए.
इसके तहत ग्रेजुएशन, पोस्ट ग्रेजुएशन, डिप्लोमा, टेक्निकल या स्किल डेवलपमेंट जैसे कोर्स करने वाले छात्र पात्र हो सकते हैं. छात्र ने अपनी पिछली परीक्षा निर्धारित न्यूनतम अंकों के साथ पास की हो, यह शर्त भी लागू होती है. उच्च शिक्षा हासिल कर रहे छात्रों को योजना में प्राथमिकता दी जाती है.
फ्री टैबलेट-स्मार्टफोन के लिए अलग से फॉर्म भरना होगा?
योजना का लाभ लेने के लिए आम तौर पर छात्रों को अलग से व्यक्तिगत रूप से ऑनलाइन आवेदन करने की जरूरत नहीं होती. जिस कॉलेज या विश्वविद्यालय में छात्र पढ़ रहा है, वही संस्थान पात्र छात्रों का डाटा डीजीशक्ति पोर्टल पर अपलोड करता है. इसके बाद डाटा का सत्यापन किया जाता है. वेरिफिकेशन पूरा होने के बाद छात्रों को उनके रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर पर SMS के जरिए अपडेट मिल सकता है.
ऐसे चेक कर सकते हैं अपना स्टेटस
छात्र डीजीशक्ति पोर्टल के जरिए पता कर सकते हैं कि उनका डाटा अपलोड हुआ है या नहीं और डिवाइस वितरण से जुड़ी जानकारी क्या है. इसके लिए उन्हें अपने शिक्षण संस्थान से जुड़ी जानकारी के आधार पर पोर्टल पर स्टेटस चेक करना होता है.
अगर आपका डाटा अभी तक अपलोड नहीं हुआ है या योजना को लेकर कोई जानकारी नहीं मिल रही है तो सबसे पहले अपने कॉलेज या विश्वविद्यालय से संपर्क करना बेहतर रहेगा.
युवाओं को डिजिटल बनाने की कोशिश
स्वामी विवेकानंद युवा सशक्तिकरण योजना के जरिए सरकार का फोकस छात्रों को पढ़ाई के लिए डिजिटल संसाधन उपलब्ध कराने पर है. आज के समय में ऑनलाइन पढ़ाई, प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी और डिजिटल स्किल्स की जरूरत लगातार बढ़ रही है. ऐसे में मुफ्त टैबलेट और स्मार्टफोन कई छात्रों के लिए पढ़ाई का एक अहम साधन बन सकते हैं.
ADVERTISEMENT











