माफिया अतीक अहमद के सबसे छोटे बेटे अबान की झांसी सड़क हादसे में हुई दर्दनाक मौत अभी भी चर्चा में बनी हुई है. इस बीच सड़क हादसे में घायल हुए उसके बेहद करीबियों की बिगड़ती हालत ने परिवार और रिश्तेदारों की धड़कनें बढ़ा दी हैं. झांसी जेल में बंद अली अहमद से मिलने जा रही तेज रफ्तार कार जब हादसे का शिकार हुई तो उसमें अबान और उसके दोस्त सोनू की मौके पर ही जान चली गई थी. वहीं कार में मौजूद तीन अन्य लोग जिंदगी और मौत के बीच झूल रहे हैं. इनमें से दो जैद और उमर की हालत इतनी गंभीर हो गई कि उन्हें आनन-फानन में प्रयागराज से दिल्ली के बड़े अस्पतालों में शिफ्ट करना पड़ा है.
ADVERTISEMENT
जैद की पसलियां और पैर टूटे, दिल्ली आर्मी अस्पताल में भर्ती
हादसे के वक्त कार ड्राइव कर रहे जैद की हालत बेहद नाजुक बताई जा रही है. प्रयागराज में इलाज के दौरान जब उसकी सेहत में कोई सुधार नहीं हुआ तो परिजनों ने उसे दिल्ली के आर्मी हॉस्पिटल में एडमिट कराया है. दरअसल जैद के पिता भारतीय सेना में कार्यरत हैं जिस वजह से उसे सैन्य अस्पताल में शिफ्ट किया गया. डॉक्टरों के मुताबिक जैद की दो पसलियां टूट गई हैं, एक हाथ और दोनों पैरों में गंभीर फ्रैक्चर है. सिर में आई गहरी चोट के कारण उसकी स्थिति चिंताजनक बनी हुई है.
मेदांता में हुआ उमर का इमरजेंसी ऑपरेशन
कार में सवार दूसरा घायल उमर पहले प्रयागराज के आशुतोष हॉस्पिटल में भर्ती था. जांच में पता चला कि उसकी तीन पसलियां टूटकर फेफड़े में धंस गई थीं जिससे उसे सांस लेने में भारी तकलीफ हो रही थी. इसके अलावा हाथ और पैर में भी मल्टीपल फ्रैक्चर हैं. शनिवार शाम को हालत बिगड़ते ही उसे दिल्ली के मेदांता अस्पताल ले जाया गया जहां रविवार को डॉक्टरों की विशेष टीम ने उसका आपातकालीन ऑपरेशन किया है.
तीसरे घायल फारुख की हालत में सुधार
हादसे का शिकार हुए तीसरे शख्स फारुख अहजम का इलाज फिलहाल प्रयागराज के स्थानीय अस्पताल में ही चल रहा है. डॉक्टरों के अनुसार फारुख की हालत अब खतरे से बाहर और स्थिर बताई जा रही है.
अली से मिलने झांसी जेल जा रहे थे सभी
यह पूरा हादसा तब हुआ जब अतीक का सबसे छोटा बेटा अबान अपने दोस्त जैद, उमर, फारुख और सोनू के साथ झांसी जेल में बंद अपने बड़े भाई अली अहमद से मुलाकात करने जा रहा था. वे अपने साथ अली के लिए कुछ किताबें भी ले जा रहे थे. लेकिन झांसी के पास कार अनियंत्रित होकर हादसे का शिकार हो गई.
इस भीषण दुर्घटना ने जहां अबान और सोनू की जान ले ली. वहीं अब जैद और उमर की जिंदगी पर मंडरा रहा खतरा अतीक के कुनबे और रिश्तेदारों के लिए नई मुसीबत बनकर सामने आया है.
ADVERTISEMENT











