अबान के जनाजे में पहुंचे अतीक के दोनों बेटे अली-उमर, कसारी मसारी कब्रिस्तान में बढ़ी पुलिस सुरक्षा

पंकज श्रीवास्तव

08 Aug 2026 (अपडेटेड: 08 Aug 2026, 05:56 PM)

सड़क हादसे में जान गंवाने वाले अतीक अहमद के सबसे छोटे बेटे अबान अहमद के अंतिम संस्कार के लिए उनके दोनों बड़े भाई प्रयागराज पहुंच गए हैं. झांसी जेल में बंद अली अहमद और लखनऊ जेल में बंद उमर अहमद को पैरोल मिलने के बाद पुलिस सुरक्षा में कसारी मसारी कब्रिस्तान लाया गया

Aban Ahmed Funeral Prayagraj News

Aban Ahmed Funeral Prayagraj News

Google CTA

Aban Ahmed Funeral Prayagraj News: सड़क हादसे में जान गंवाने वाले अतीक अहमद के सबसे छोटे बेटे अबान अहमद के अंतिम संस्कार के लिए उनके दोनों बड़े भाई प्रयागराज पहुंच गए हैं. झांसी जेल में बंद अली अहमद और लखनऊ जेल में बंद उमर अहमद को पैरोल मिलने के बाद पुलिस सुरक्षा में कसारी मसारी कब्रिस्तान लाया गया. दोनों अलग-अलग गाड़ियों से कब्रिस्तान के अंदर पहुंचे, जहां अबान के जनाजे और सुपुर्द-ए-खाक की प्रक्रिया चल रही है. अंतिम संस्कार को देखते हुए पूरे इलाके में पुलिस का कड़ा पहरा है और भीड़ को नियंत्रित किया जा रहा है.

यह भी पढ़ें...

पैरोल के बाद प्रयागराज पहुंचे अली और उमर

अबान अहमद के अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए अली और उमर को पैरोल दी गई है. अली अहमद को झांसी जेल से जबकि उमर अहमद को लखनऊ जेल से प्रयागराज लाया गया. दोनों को पुलिस सुरक्षा के बीच कसारी मसारी कब्रिस्तान पहुंचाया गया. यहां पहुंचने के बाद दोनों भाई अपने छोटे भाई अबान की आखिरी विदाई में शामिल हुए. पैरोल के तहत दोनों को अंतिम संस्कार में शामिल होने की अनुमति मिली है.

कसारी मसारी कब्रिस्तान में दिखा ये मंजर

अबान के अंतिम संस्कार को देखते हुए कसारी मसारी कब्रिस्तान और आसपास के इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई है. बड़ी संख्या में पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है. इससे पहले कब्रिस्तान में लोगों की भीड़ बढ़ने पर पुलिस ने बैरिकेडिंग कर भीड़ को नियंत्रित किया था. पुलिस की कोशिश है कि अंतिम संस्कार के दौरान अनावश्यक भीड़ जमा न हो और किसी तरह की अव्यवस्था की स्थिति पैदा न हो. प्रशासन पूरे घटनाक्रम पर लगातार नजर बनाए हुए है.

झांसी-कानपुर हाईवे पर हुआ था भीषण हादसा

अबान अहमद की मौत झांसी-कानपुर हाईवे पर हुए सड़क हादसे में हुई थी. वह अपने साथियों के साथ क्रेटा कार से जा रहा था. इसी दौरान तेज रफ्तार कार डिवाइडर से टकरा गई. टक्कर इतनी भीषण थी कि अबान और उसके दोस्त सोनू की मौके पर ही मौत हो गई. कार में सवार तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हुए थे. हादसे के बाद घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया था.

भाई अली से मिलने झांसी जा रहा था अबान

बताया गया कि अबान अहमद अपने बड़े भाई अली अहमद से मिलने के लिए झांसी जा रहा था. अली इस समय झांसी जेल में बंद है. इसी दौरान रास्ते में यह दर्दनाक हादसा हो गया. हादसे के बाद झांसी में अबान के शव का पोस्टमार्टम कराया गया और इसके बाद शव को प्रयागराज लाया गया. परिवार की ओर से कसारी मसारी कब्रिस्तान में उसके अंतिम संस्कार की तैयारी की गई. अबान की मौत के बाद परिवार में शोक का माहौल है.

रिश्तेदारों और स्थानीय लोगों की भीड़ जुटी

अबान की अंतिम विदाई में शामिल होने के लिए बड़ी संख्या में रिश्तेदार, परिचित और स्थानीय लोग कसारी मसारी कब्रिस्तान पहुंचे हैं. भीड़ को देखते हुए पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था और सख्त कर दी है. अबान के बड़े भाई अली और उमर के कब्रिस्तान पहुंचने के बाद अंतिम संस्कार की प्रक्रिया आगे बढ़ी. दोनों भाइयों को पैरोल के तहत निर्धारित शर्तों के अनुसार अंतिम संस्कार में शामिल होने की अनुमति मिली है. अबान को कसारी मसारी कब्रिस्तान में सुपुर्द-ए-खाक किया जा रहा है.