प्रयागराज में राहुल गांधी के 'छात्रों की गूंज' पर आया संकट! कांग्रेस ने कहा मैदान नहीं तो यहां करेंगे कार्यक्रम

कुमार अभिषेक

• 05:04 PM • 06 Aug 2026

Chhatron Ki Goonj Program: लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के 8 अगस्त को प्रयागराज में प्रस्तावित ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम को लेकर सियासत गर्मा गई है. कार्यक्रम के लिए कायस्थ पाठशाला (KP) ट्रस्ट ने केपी ग्राउंड की बुकिंग को अंतिम समय में रद्द कर दिया है.

UP Tak
Google CTA

Chhatron Ki Goonj Program: लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के 8 अगस्त को प्रयागराज में प्रस्तावित ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम को लेकर सियासत गर्मा गई है. कार्यक्रम के लिए कायस्थ पाठशाला (KP) ट्रस्ट ने केपी ग्राउंड की बुकिंग को अंतिम समय में रद्द कर दिया है. कार्यक्रम की अनुमति न मिलने पर कांग्रेस नेताओं ने योगी सरकार पर आरोप लगाया है कि सरकार राहुल गांधी की बढ़ती लोकप्रियता से घबराकर कार्यक्रम को रोकने की कोशिश कर रही है. इसके साथ ही कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा है कि राहुल गांधी का यह कार्यक्रम हर हाल में आयोजित होकर रहेगा.

यह भी पढ़ें...

क्या है कार्यक्रम रद्द होने का कारण?

केपी ट्रस्ट के कार्यवाहक अध्यक्ष चौधरी जितेंद्र नाथ सिंह ने कार्यक्रम की अनुमति रद्द करने के पीछे एक बड़ा कारण बताया है. उन्होंने इलाहाबाद हाईकोर्ट के पूराने आदेश का हवाला दिया है, जिसमें कहा गया है कि मैदान का उपयोग किसी भी कार्यक्रम के लिए नहीं किया जाएगा. इसके साथ ही ट्रस्ट ने यह भी कहा है कि बारिश के कारण मैदान में जलभराव होने की संभावना है, जिससे यह मैदान खराब हो सकता है और मैदान को दोबारा ठीक करने में समय और पैसा दोनों लगेगा. यह भी कहा गया है कि कार्यक्रम से ट्रस्ट द्वारा संचालित दो स्कूलों के छात्रों की पढ़ाई भी प्रभावित हो सकती है.

कांग्रेस का सरकार पर दबाव का आरोप

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने ट्रस्ट और प्रशासन के इन कारणों को केवल एक बहाना बताया है. उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने 30 जुलाई को ही कार्यक्रम के लिए 51,000 रुपये जमा कर दिए थे और अनुमति प्राप्त कर ली थी. राय ने सवाल उठाया है कि जब पहले अनुमति दी गई थी, तब क्या ट्रस्ट को पढ़ाई और मैदान की स्थिति का ध्यान नहीं था? उन्होंने यह भी कहा कि कार्यक्रम शनिवार शाम 5 बजे से होना था, जब स्कूल बंद रहते हैं. अजय राय का आरोप है कि यह पूरी कार्रवाई सरकार के दबाव में की गई है.

हर हाल में होगा राहुल गांधी का कार्यक्रम

कांग्रेस ने साफ कर दिया है कि वह ट्रस्ट के इस फैसले के आगे झुकने वाली नहीं है. अजय राय ने कहा कि 8 अगस्त को राहुल गांधी निश्चित तौर पर प्रयागराज आएंगे और छात्रों से संवाद करेंगे. उन्होंने प्रशासन से हॉलैंड हॉल या स्काउट गाइड के मैदान जैसी वैकल्पिक जगह उपलब्ध कराने की मांग की है. राय ने यहां तक कहा कि अगर जरूरत पड़ी, तो कार्यक्रम सड़क या चौराहे पर भी आयोजित किया जा सकता है.

पहले भी रद्द हो चुके हैं राहुल के कार्यक्रम

यह पहली बार नहीं है जब राहुल गांधी के छात्र संवाद कार्यक्रम के लिए ऐसी अड़चनें आई हों. इससे पहले 17 जून को राजस्थान के कोटा और 17 जुलाई को उत्तराखंड के देहरादून में भी ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम आयोजित किए गए थे. कांग्रेस नेताओं का आरोप है कि वहां भी भाजपा सरकार द्वारा इसी तरह की बाधाएं डालने की कोशिश की गई थी.

छात्रों से प्रयागराज पहुंचने की अपील

कांग्रेस का दावा है कि प्रयागराज के छात्र राहुल गांधी को सुनने के लिए उत्साहित हैं. पार्टी के अनुसार, लगभग 1.74 लाख छात्रों ने इस कार्यक्रम के लिए रजिस्ट्रेशन किया है. अजय राय ने सभी छात्र-छात्राओं, प्रतियोगी परीक्षार्थियों और युवाओं से अपील की है कि वे 8 अगस्त को बड़ी संख्या में प्रयागराज पहुंचें और राहुल गांधी से सीधे संवाद करें. फिलहाल कांग्रेस की लीगल टीम और स्थानीय नेता प्रशासन के संपर्क में हैं और आगे की रणनीति पर विचार कर रहे हैं.
 

यह भी पढ़ें: अतीक अहमद की पत्नी शाइस्ता परवीन है कई सालों से फरार, क्या छोटे बेटे अबान की मौत के बाद जनाजे में पहुंचेगी?