Chandauli Crime News: सैयदराजा थाना क्षेत्र अंतर्गत एनएच-19 स्थित आराध्या रेस्टोरेंट के बाहर दिनदहाड़े उचक्कों ने एक परिवार की कार का शीशा तोड़कर नकदी, मोबाइल और अन्य सामान से भरे बैग चोरी कर लिए. घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी.
ADVERTISEMENT
जानकारी के अनुसार, बिहार निवासी एक परिवार विंध्याचल धाम दर्शन के लिए जा रहा था. रास्ते में परिवार ने चाय-नाश्ता करने के लिए आराध्या रेस्टोरेंट के बाहर अपनी कार खड़ी की. इसी दौरान बदमाशों ने कार का शीशा तोड़कर अंदर रखे दो बैग चोरी कर लिए. बैग में करीब 20 हजार रुपये नकद, एक मोबाइल फोन और अन्य जरूरी सामान रखा हुआ था.
जब परिवार वापस लौटा तो कार का शीशा टूटा देखकर उनके होश उड़ गए. घटना की सूचना तुरंत सैयदराजा पुलिस को दी गई. पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी.
सीसीटीवी फुटेज में दो संदिग्ध युवक वारदात को अंजाम देते हुए दिखाई दे रहे हैं. वहीं एक बाइक सवार भी कैमरे में नजर आया है, जिसके बदमाशों का साथी होने की आशंका जताई जा रही है. पुलिस फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी है.
व्यस्त राष्ट्रीय राजमार्ग पर दिनदहाड़े हुई इस घटना ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं. पुलिस का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा. साथ ही यात्रियों से अपील की गई है कि वाहन में नकदी और कीमती सामान छोड़कर बाहर न जाएं तथा यात्रा के दौरान सतर्कता बरतें.
ADVERTISEMENT











