Chandauli Local News: सिकटिया परशुरामपुर में चल रहे सड़क चौड़ीकरण कार्य को लेकर गुरुवार को ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा.बड़ी संख्या में प्रभावित परिवारों ने एकत्र होकर बिना मुआवजा दिए मकान और दुकानों पर की जा रही कार्रवाई का विरोध किया. ग्रामीणों ने सरकार और जिलाधिकारी से उचित मुआवजा दिलाने की मांग करते हुए चेतावनी दी कि मांगें पूरी नहीं होने पर आंदोलन तेज किया जाएगा.
ADVERTISEMENT
ग्रामीण ओम प्रकाश यादव ने बताया कि सड़क चौड़ीकरण के तहत दोनों ओर करीब 28 फीट तक भूमि और मकान प्रभावित हो रहे हैं. उनका आरोप है कि अब तक किसी भी प्रभावित व्यक्ति को मुआवजा नहीं मिला है. केवल कागजी औपचारिकताएं पूरी की गई हैं, जबकि मौके पर मकानों और दुकानों को तोड़ा जा रहा है. इससे कई परिवारों के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है.
उन्होंने जिलाधिकारी से मांग की कि पहले प्रभावित लोगों को नियमानुसार मुआवजा दिया जाए, उसके बाद ही सड़क चौड़ीकरण का कार्य कराया जाए. उनका कहना है कि विकास कार्य जरूरी हैं, लेकिन प्रभावित परिवारों के अधिकारों की अनदेखी नहीं होनी चाहिए ताकि वे अपने घरों और दुकानों का पुनर्निर्माण कर सकें.
वहीं बृजेश कुमार यादव ने बताया कि रामनगर से पचपेड़वा तक सड़क चौड़ीकरण परियोजना के तहत कई लोगों की जमीन और मकान प्रभावित हो रहे हैं, लेकिन अब तक किसी को भी मुआवजा नहीं मिला है.उन्होंने सरकार से अधिग्रहित की जा रही संपत्तियों का नियमानुसार शीघ्र मुआवजा देने की मांग की.
प्रदर्शन के दौरान ग्रामीणों ने सरकार और प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताई और जिलाधिकारी से तत्काल हस्तक्षेप की मांग की. उनका कहना है कि यदि जल्द समाधान नहीं निकला तो वे आंदोलन को और तेज करने के लिए मजबूर होंगे.
ADVERTISEMENT











