Mirzapur News: बरकछा कला गांव में वर्षों से बिजली का इंतजार, पोल लगे लेकिन घरों तक नहीं पहुंची सप्लाई

Newzo

• 04:31 PM • 06 Aug 2026

Mirzapur Electricity Department : मिर्जापुर के बरकछा कला गांव में बिजली के पोल लगने और परियोजना का शुभारंभ होने के बावजूद आज तक घरों तक बिजली नहीं पहुंची. ग्रामीणों का आरोप है कि कई बार सर्वे के बाद भी आपूर्ति शुरू नहीं हुई. बिजली के अभाव में पढ़ाई, पानी और दैनिक जीवन बुरी तरह प्रभावित है.

बरकछा कला गांव में वर्षों से बिजली का इंतजार, पोल लगे लेकिन घरों तक नहीं पहुंची सप्लाई

बरकछा कला गांव में वर्षों से बिजली का इंतजार, पोल लगे लेकिन घरों तक नहीं पहुंची सप्लाई

Google CTA

Mirzapur Electricity Department: मिर्जापुर जिले के ग्राम सभा बरकछा कला के ग्रामीण आज भी बुनियादी सुविधा बिजली के लिए तरस रहे हैं. ग्रामीणों का आरोप है कि गांव में वर्षों से बिजली की समस्या बनी हुई है, लेकिन तमाम शिकायतों और सर्वे के बाद भी अब तक गांव में बिजली आपूर्ति शुरू नहीं हो सकी है.

यह भी पढ़ें...

ग्रामीणों का कहना है कि करीब डेढ़ वर्ष पहले केंद्रीय राज्य मंत्री अनुप्रिया पटेल ने गांव में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान बिजली परियोजना का शुभारंभ करते हुए फीता काटा था और बिजली के पोल भी लगाए गए थे. उस समय लोगों को उम्मीद थी कि जल्द ही गांव के घरों में बिजली पहुंच जाएगी, लेकिन आज तक यह सपना पूरा नहीं हो सका. गांव के लोगों का कहना है कि बिजली न होने से सबसे अधिक परेशानी बच्चों और युवाओं को हो रही है. शाम ढलते ही पूरा गांव अंधेरे में डूब जाता है, जिससे विद्यार्थियों को मोमबत्ती और ढिबरी की रोशनी में पढ़ाई करनी पड़ती है.
 
वहीं महिलाओं को भी अंधेरे में घर का काम करना पड़ता है, जिससे उन्हें कई तरह की कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है. ग्रामीणों ने बताया कि बिजली न होने के कारण पानी की भी गंभीर समस्या बनी रहती है. मोटर न चल पाने की वजह से लोगों को दूर-दराज के स्थानों से पानी लाना पड़ता है. गर्मी और बरसात के मौसम में यह परेशानी और भी बढ़ जाती है. 

ग्रामीणों का आरोप है कि बिजली विभाग की टीम कई बार गांव में सर्वे करने पहुंची, लेकिन सर्वे के बाद भी कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई. लोगों का कहना है कि हर बार केवल आश्वासन मिलता है, लेकिन बिजली आज तक नहीं आई. ग्रामीणों ने प्रशासन और जनप्रतिनिधियों से मांग की है कि बरकछा कला गांव में जल्द से जल्द बिजली आपूर्ति शुरू कराई जाए, ताकि गांव के लोगों को अंधेरे और परेशानियों से मुक्ति मिल सके तथा बच्चों की पढ़ाई, महिलाओं की सुरक्षा और ग्रामीणों का सामान्य जीवन बेहतर हो सके.