प्रयागराज में होने वाले राहुल गांधी के 'छात्रों की गूंज' कार्यक्रम पर यू-टर्न, एक दिन बाद फिर मिली अनुमति

पंकज श्रीवास्तव

• 11:57 AM • 07 Aug 2026

Rahul Gandhi News: प्रयागराज के केपी ग्राउंड में राहुल गांधी के 'छात्रों की गूंज' कार्यक्रम को लेकर बड़ा यू-टर्न हुआ है. पहले रद्द हुई अनुमति अब केपी ट्रस्ट ने कुछ शर्तों के साथ बहाल कर दी है. कांग्रेस ने पहले यूपी सरकार पर कार्यक्रम रुकवाने का आरोप लगाया था.

Rahul Gandhi

Rahul Gandhi

Google CTA

Rahul Gandhi News: उत्तर प्रदेश के प्रयागराज स्थित केपी ग्राउंड में कांग्रेस नेता राहुल गांधी के प्रस्तावित 'छात्रों की गूंज' कार्यक्रम को लेकर एक दिन के भीतर बड़ा घटनाक्रम सामने आया है. बुधवार को कार्यक्रम की अनुमति रद्द करने वाले केपी पाठशाला ट्रस्ट ने गुरुवार रात कुछ शर्तों के साथ कांग्रेस को दोबारा आयोजन की इजाजत दे दी. इससे पहले गुरुवार को कांग्रेस ने दिल्ली में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर उत्तर प्रदेश सरकार पर कार्यक्रम रुकवाने की कोशिश करने का आरोप लगाया था.

यह भी पढ़ें...

हाईकोर्ट के वकीलों से सलाह के बाद मिली अनुमति

केपी पाठशाला ट्रस्ट के कार्यवाहक अध्यक्ष जितेंद्र नाथ चौधरी ने बताया कि इलाहाबाद हाईकोर्ट के वकीलों से सलाह लेने के बाद आयोजकों को कुछ शर्तों के साथ कार्यक्रम आयोजित करने की अनुमति दी गई है. उन्होंने बताया कि कार्यक्रम के दौरान कॉलेज की पढ़ाई और शैक्षणिक गतिविधियां प्रभावित नहीं होनी चाहिए. इसके अलावा आयोजन के लिए जिला मजिस्ट्रेट से भी अनुमति लेना अनिवार्य होगा.

बुधवार को रद्द कर दी गई थी अनुमति

इससे पहले बुधवार को ट्रस्ट ने इलाहाबाद हाईकोर्ट के 14 अगस्त 2025 के आदेश का हवाला देते हुए कार्यक्रम की अनुमति रद्द कर दी थी. ट्रस्ट का कहना था कि कोर्ट के आदेश के अनुसार केपी कॉलेज के मैदान का उपयोग खेल और शैक्षणिक गतिविधियों के अलावा किसी अन्य उद्देश्य के लिए नहीं किया जा सकता. ट्रस्ट ने यह भी कहा था कि बारिश के कारण मैदान में जलभराव है.

कांग्रेस ने सरकार पर लगाया दबाव बनाने का आरोप

गुरुवार को दिल्ली में आयोजित संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस में उत्तर प्रदेश कांग्रेस प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम, सांसद किशोरी लाल शर्मा, तनुज पुनिया और इमरान मसूद शामिल हुए. कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि भाजपा राहुल गांधी के छात्रों से लगातार जुड़े मुद्दे उठाने से घबराई हुई है. राजेंद्र पाल गौतम ने कहा कि आयोजन स्थल उपलब्ध कराने वाले लोगों पर प्रशासन दबाव बना रहा है.

तय कार्यक्रम के अनुसार होगा छात्रों से संवाद

प्रयागराज में उत्तर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय ने कहा कि पार्टी 8 अगस्त को पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार राहुल गांधी का छात्रों के साथ संवाद कराएगी. अजय राय के मुताबिक, राहुल गांधी 8 अगस्त को दोपहर 2 बजे दिल्ली से रवाना होंगे और शाम 6 बजे से रात 8:30 बजे तक केपी ग्राउंड में छात्रों से बातचीत करेंगे. राजेंद्र पाल गौतम ने कहा कि लोकतंत्र में सभी को शांतिपूर्ण तरीके से सभा करने का अधिकार है और कांग्रेस सभी नियमों का पालन करते हुए कार्यक्रम आयोजित कर रही है. वहीं, सांसद तनुज पुनिया ने कहा कि भाजपा सरकार युवाओं के राहुल गांधी के साथ खड़े होने से डरी हुई है और कांग्रेस युवाओं के साथ खड़ी रहेगी.