Pawan Yadav Murder Case: प्रयागराज के हंडिया थाना क्षेत्र में समाजवादी पार्टी के जिला सचिव और पूर्व प्रधान पवन यादव की गोली मारकर हत्या के बाद इलाके में हड़कंप मचा हुआ है. मंगलवार शाम करीब 5 बजे हुई इस वारदात के बाद पुलिस ने जांच तेज कर दी है. मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों लल्ला यादव, बृजेश यादव और निहाल अली को गिरफ्तार किया है. वहीं मृतक के भाई बृजेश यादव ने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए एनकाउंटर की मांग की है.
ADVERTISEMENT
पवन यादव के भाई बृजेश यादव ने क्या कहा?
पवन यादव के भाई बृजेश यादव ने कहा कि आरोपियों को कड़ी से कड़ी सजा मिलनी चाहिए. उन्होंने कहा, 'एनकाउंटर होना चाहिए. जिस प्रकार मेरे भाई के साथ हुआ, वैसे उनके भी साथ होना चाहिए.' परिवार की ओर से आरोपियों के घर पर बुलडोजर चलाने की मांग भी की गई है. हालांकि आरोपियों के खिलाफ आगे की कार्रवाई पुलिस की जांच और कानूनी प्रक्रिया के आधार पर होगी.
बमबाजी के बाद शुरू हुई थी रंजिश?
मृतक के भाई ने लल्ला यादव के साथ पवन यादव की पुरानी दुश्मनी का भी जिक्र किया. उनका कहना है कि साल 2018 में दोनों के बीच विवाद हुआ था और लल्ला यादव के मार्केट में बमबाजी की घटना हुई थी. इस मामले में थाने में एफआईआर दर्ज होने की बात भी परिवार की ओर से कही गई है. भाई के मुताबिक, इसी घटना के बाद से दोनों पक्षों के बीच रंजिश चली आ रही थी. हालांकि इस पुराने विवाद और मौजूदा हत्या के बीच संबंध की पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही होगी.
एक बाइक पर पहुंचे थे तीनों आरोपी
पुलिस के मुताबिक पवन यादव की हत्या के मामले में गिरफ्तार तीनों आरोपी बाइक से घटनास्थल तक पहुंचे थे. पुलिस का कहना है कि निहाल अली बाइक चला रहा था, बृजेश यादव बीच में बैठा था और लल्ला यादव सबसे पीछे था. घटना से जुड़ा एक सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें तीनों एक ही बाइक पर सवार दिखाई दे रहे हैं. पुलिस के अनुसार, लल्ला यादव ने पवन यादव पर फायरिंग की. वारदात में इस्तेमाल बाइक और दो तमंचे भी बरामद किए गए हैं.
आरोपी लल्ला यादव ने क्या बताया?
पुलिस पूछताछ में लल्ला यादव की ओर से पवन यादव के साथ व्यक्तिगत दुश्मनी की बात सामने आने की जानकारी दी गई है. दूसरी ओर, पुलिस चुनावी रंजिश के एंगल से भी जांच कर रही है. मृतक के भाई के मुताबिक पवन यादव की इलाके में अच्छी पकड़ थी और वह तीन-चार बार प्रधान रह चुके थे. इस बार भी उनके चुनाव लड़ने की चर्चा थी. मौजूदा प्रधानपति विनोद यादव के भी चुनाव लड़ने की बात सामने आई है. परिवार का कहना है कि पवन यादव की लोकप्रियता अधिक थी, हालांकि हत्या की असल वजह पुलिस की विवेचना पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होगी.
पुलिस खंगाल रही हत्या की वजह
पवन यादव हत्याकांड में पुलिस अब गिरफ्तार तीनों आरोपियों की भूमिका, पुरानी रंजिश और चुनावी विवाद समेत अलग-अलग पहलुओं की जांच कर रही है. पुलिस के अनुसार हत्या की साजिश के लिए तमंचे और कारतूस खरीदे गए थे और वारदात को दिनदहाड़े अंजाम दिया गया. परिवार लगातार आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहा है. वहीं पुलिस जांच में यह स्पष्ट करने की कोशिश कर रही है कि हत्या की मुख्य वजह पुरानी व्यक्तिगत दुश्मनी थी, चुनावी विवाद था या इसके पीछे कोई और कारण था.
ADVERTISEMENT











