Prayagraj SP Leader Pawan Yadav Murder Case: प्रयागराज के गंगानगर जोन में मंगलवार शाम समाजवादी पार्टी के युवा नेता पवन यादव की गोली मारकर हत्या कर दी गई. हंडिया थाना क्षेत्र में बाइक सवार तीन अज्ञात हमलावरों ने उन्हें निशाना बनाया. गोली लगने के बाद आसपास मौजूद लोग घायल पवन यादव को अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. मृतक की पहचान मुंगराव गांव निवासी पवन यादव के रूप में हुई है. वह समाजवादी पार्टी के जिला सचिव होने के साथ पूर्व प्रधान भी रह चुके थे. हत्या की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई. बड़ी संख्या में सपा समर्थक और पार्टी कार्यकर्ता मोर्चरी पहुंच गए.
ADVERTISEMENT
बाइक से आए तीन हमलावरों ने मारी गोली
घटना की सूचना मिलते ही हंडिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी. गंगानगर जोन के डीसीपी कुलदीप सिंह गुनावत के मुताबिक, वारदात को एक बाइक पर सवार तीन हमलावरों ने अंजाम दिया है. पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज जुटानी शुरू कर दी है. डीसीपी ने बताया कि मामले के खुलासे के लिए पुलिस की कई टीमों का गठन किया गया है. पुलिस फिलहाल हमलावरों की पहचान और हत्या के पीछे की वजह का पता लगाने में जुटी है.
परिवार ने किसी रंजिश से किया इनकार
डीसीपी कुलदीप सिंह गुनावत ने बताया कि पवन यादव के परिजनों से तहरीर लेकर मुकदमा दर्ज करने की प्रक्रिया की जा रही है. शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम कराया जाएगा. उन्होंने कहा कि शुरुआती पूछताछ में परिजनों ने किसी के साथ पारिवारिक रंजिश होने की आशंका नहीं जताई है. पुलिस परिजनों से लगातार पूछताछ कर रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि हत्या की वजह क्या थी और पवन यादव को किसने निशाना बनाया.
पवन यादव के छोटे भाई ने क्या बताया?
मृतक पवन यादव के छोटे भाई ब्रजेश कुमार यादव ने बताया कि घटना से पहले पवन किसी के बुलाने पर घर से निकले थे. उन्होंने कहा, 'किसके बुलाने पर वह गए थे, पुलिस इस बात का पता लगा रही है.' ब्रजेश यादव के मुताबिक, बाइक पर सवार तीन हमलावरों ने पवन यादव को गोली मारी. उन्होंने भी किसी पारिवारिक रंजिश की जानकारी होने से इनकार किया है. अब पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि पवन यादव को किसने बुलाया था और वह घर से निकलने के बाद कहां गए थे.
CCTV फुटेज से हमलावरों तक पहुंचने की कोशिश
पुलिस के हाथ घटनास्थल के आसपास का सीसीटीवी फुटेज लगा है. डीसीपी के मुताबिक, फुटेज के आधार पर हमलावरों की पहचान करने की कोशिश की जा रही है. पुलिस का कहना है कि सीसीटीवी में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी. फिलहाल हत्या की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है. पुलिस अलग-अलग बिंदुओं पर जांच कर रही है और परिजनों से मिली जानकारी को भी जांच का हिस्सा बनाया जा रहा है.
सपा प्रवक्ता ने कानून व्यवस्था पर उठाए सवाल
सपा नेता पवन यादव की हत्या के बाद समाजवादी पार्टी की प्रदेश प्रवक्ता निधि यादव ने प्रदेश की कानून व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं. उन्होंने हत्या में शासन-प्रशासन की मिलीभगत का आरोप लगाते हुए हमलावरों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की. निधि यादव ने कहा, 'प्रदेश में अपराधी भागे नहीं हैं, बल्कि और अपराधी आ गए हैं.' उन्होंने मृतक के परिवार को न्याय दिलाने की मांग भी की. वहीं पुलिस का कहना है कि हत्या के कारण और हमलावरों की पहचान का पता लगाने के लिए जांच जारी है. पुलिस टीमें सीसीटीवी फुटेज और परिजनों से मिली जानकारी के आधार पर मामले की कड़ियां जोड़ रही हैं
ADVERTISEMENT











