'मुझे जाने दो प्रियांशु...' हाथ जोड़कर गिड़गिड़ाती रही लड़की, लिवइन पार्टनर ने वारदात से पहले आधार कार्ड में क्यों की हेराफेरी

अंकित मिश्रा

• 10:51 AM • 23 Sep 2026

Lucknow Crime News: लखनऊ के सुशांत गोल्फ सिटी में छात्रा कोमा में. पिता ने लिव-इन पार्टनर प्रियांशु पर गंभीर आरोप लगाए. मोबाइल में गिड़गिड़ाती बेटी का खौफनाक वीडियो आया सामने.

Lucknow Crime News

Lucknow Crime News

Google CTA

Lucknow Crime News: लखनऊ के सुशांत गोल्फ सिटी थाना क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है. यहां होटल मैनेजमेंट की इंटर्नशिप कर रही एक युवती संदिग्ध परिस्थितियों में गंभीर रूप से घायल हो गई. पीड़िता अब एक निजी अस्पताल में कोमा में जिंदगी और मौत के बीच जंग लड़ रही है. घटना को 22 दिन बीत चुके हैं. मगर पीड़ित परिवार न्याय के लिए दर-दर भटक रहा है. पिता ने लिव-इन पार्टनर पर साजिश के तहत बेटी को मारने और प्रताड़ित करने का गंभीर आरोप लगाया है.

यह भी पढ़ें...

पीड़ित पिता ने क्या बताया?

शाहजहांपुर के रहने वाले पीड़ित पिता ने बताया कि उनकी बेटी लखनऊ में रहकर होटल मैनेजमेंट की पढ़ाई और इंटर्नशिप कर रही थी. 31 अगस्त की रात करीब 11:30 बजे उसकी बाइक दुर्घटनाग्रस्त हो गई. हादसे के वक्त बाइक पर उसका लिव-इन पार्टनर प्रियांशु गुप्ता मौजूद था. गंभीर बात यह है कि घटना रात 12 बजे के आसपास हुई, लेकिन प्रियांशु ने परिवार को इसकी सूचना सुबह करीब 4 बजे दी.

आरोप है कि वह घायल अवस्था में लड़की को इधर-उधर भटकाता रहा और सुनियोजित तरीके से मरने का इंतजार करता रहा. जब परिजन लखनऊ पहुंचे, तो वह लगातार उन्हें गुमराह करता रहा और कुछ देर बाद मौके से फरार हो गया. घटना के बाद आरोपी ने युवती का मोबाइल अपने कब्जे में ले लिया था और परिजनों को देने से आनाकानी कर रहा था. जब सख्ती से फोन लिया गया और उसकी जांच की गई, तो उसमें एक खौफनाक वीडियो हाथ लगा.

वीडियो में हाथ जोड़कर गिड़गिड़ाती दिखी बेटी 

करीब एक मिनट के इस वीडियो में लड़की, प्रियांशु के सामने हाथ जोड़कर रोते-गिड़गिड़ाते हुए खुद को जाने देने की गुहार लगा रही है. प्रियांशु ने फोन कॉल्स और चैट्स डिलीट किए ताकि साजिश का खुलासा न हो सके. पीड़ित पिता का आरोप है कि आरोपी ने साजिश के तहत युवती के आधार कार्ड में हेरफेर कर उसके नाम के आगे अपना उपनाम जोड़ लिया और पिता के कॉलम में भी खुद के पिता का नाम दर्ज करा दिया.

पीड़ित पिता का कहना है कि जब वे वीडियो और साक्ष्य लेकर थाने पहुंचे, तो पुलिस ने मामले को महज एक साधारण सड़क हादसा बताकर टरका दिया. घटना के 22 दिन बीत जाने के बाद भी पुलिस ने कोई ठोस कार्रवाई नहीं की है.

मामले पर डीसीपी साउथ मोहम्मद मुस्ताक ने बताया कि पीड़ित पिता थाने आए थे. जांच में दोनों के लिव-इन में रहने की बात सामने आई है. शुरुआती तौर पर मामला एक्सीडेंट का प्रतीत हो रहा है, हालांकि पिता द्वारा लगाए गए सभी गंभीर आरोपों की निष्पक्ष जांच के आदेश दे दिए गए हैं. जांच में तथ्य सही पाए जाने पर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी. फिलहाल, पुलिस और परिवार दोनों को ही युवती के होश में आने का इंतजार है.