उत्तर प्रदेश के संतकबीरनगर जिले के सदर कोतवाली खलीलाबाद क्षेत्र अंतर्गत भगठान (गोसाईंपुर) गांव में 35 वर्षीय जिला केसरी पहलवान ब्रह्मानंद यादव की निर्मम हत्या के मामले में रोंगटे खड़े कर देने वाला बयान सामने आया है. घटना के वक्त मौके पर मौजूद पहलवान ब्रह्मानंद के भाई ने पूरी आपबीती सुनाते हुए बताया कि हमलावरों ने उनके भाई को घेरकर पहले आंखों में मिर्च पाउडर फेंका, फिर टांगी-कुल्हाड़ी से काटकर गोलियां बरसा दीं.
ADVERTISEMENT
'चोकर-दाना लेने जा रहा था भाई, रास्ते में घात लगाकर बैठे थे दबंग'
पहलवान ब्रह्मानंद के चश्मदीद भाई ने घटना के समय की पूरी दास्तान बयान करते हुए बताया, "हमारा भाई जानवरों के लिए चोकर और दाना लेने जा रहा था. रास्ते में गांव के ही दबंग घात लगाकर बैठे थे. जैसे ही वह पहुंचा, हमलावरों ने उसकी आंखों में पिसी मिर्च पाउडर फेंक दिया. मिर्ची पड़ते ही वह असंतुलित होकर गाड़ी से गिर पड़ा."
8 से 10 नामजद व अज्ञात लोगों ने टांगी से काटा, गोलियां भी चलाईं
प्रत्यक्षदर्शी भाई के मुताबिक, गाड़ी से गिरते ही हमलावरों ने उसे दौड़ा लिया. उन्होंने आरोप लगाते हुए नामजद करते हुए बताया कि राकेश, बलिराम, अजय, करिया, अभिमन्यु, मानसिंह, छठीर और उनके साथ 7-8 अन्य अज्ञात लोगों ने मिलकर ब्रह्मानंद पर टांगी, कुल्हाड़ी व धारदार हथियारों से ताबड़तोड़ वार कर दिए. भाई का यह भी आरोप है कि हमलावरों ने ब्रह्मानंद पर गोली भी चलाई, जिससे वह मौके पर ही अचेत होकर गिर पड़ा.
'बचाने गए तो हम पर भी की फायरिंग, हमने मोबाइल में बनाया वीडियो'
चश्मदीद ने आगे बताया कि जब वे अपने भाई को बचाने और उठाने के लिए आगे बढ़े, तो हमलावरों ने उन पर भी फायरिंग कर दी, जिससे उन्हें पीछे हटना पड़ा. इसके बाद उन्होंने दूर हटकर अपने मोबाइल से इस पूरी वारदात का वीडियो बना लिया. परिजनों का कहना है कि घटना की सूचना के बाद मौके पर पहुंची 112 नंबर की पुलिस गाड़ी ब्रह्मानंद को उनके घर लेकर आई, जहां से परिजन उन्हें प्राइवेट गाड़ी से कोतवाली और फिर जिला अस्पताल ले गए. हालांकि, अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.
18 मई के पुराने विवाद और चुनावी रंजिश की वजह से हुई हत्या
घटना के पीछे की मुख्य वजह पुरानी रंजिश और चुनावी रंजिश बताई जा रही है. मृतक के भाई ने बताया कि इसी साल 18 मई को पाटीदारों के साथ आपस में विवाद व झगड़ा हुआ था, जिसका केस-मुकदमा अदालत में चल रहा था. इसी पुरानी चुनावी रंजिश को लेकर रंजिश रख रहे दबंगों ने मौका पाकर घात लगाया और उनके भाई की जान ले ली.
परिजनों का खलीलाबाद बाईपास पर हंगामा, SP बोले- 3 टीमें गठित
पहलवान ब्रह्मानंद की मौत के बाद आक्रोशित परिजनों व ग्रामीणों ने खलीलाबाद बाईपास पर शव रखकर सड़क जाम कर दिया और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग करने लगे. मौके पर पहुंचे अपर पुलिस अधीक्षक ने परिजनों को समझा-बुझाकर जाम खुलवाया और शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया.
वहीं, मामले पर संतकबीरनगर के पुलिस अधीक्षक (SP) संदीप कुमार मीणा ने बताया कि चुनावी रंजिश और पाटीदारों के आपसी विवाद में यह वारदात हुई है. पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर कुछ संदिग्धों को कस्टडी में ले लिया है, जबकि बाकी फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए 3 विशेष टीमें गठित की गई हैं.
ADVERTISEMENT











