प्रयागराज पहुंचा अतीक अहमद के छोटे बेटे आबान का शव, आज जुमे की नमाज के बाद होगा सुपुर्द-ए-खाक

पंकज श्रीवास्तव

• 10:10 AM • 07 Aug 2026

अतीक अहमद के सबसे छोटे बेटे आबान अहमद का शव झांसी से प्रयागराज पहुंच गया है. हटवा गांव में लोगों की भारी भीड़ जुटी है. आज जुमे की नमाज के बाद कसारी मसारी कब्रिस्तान में आबान को सुपुर्द-ए-खाक किया जाएगा. शाइस्ता परवीन के जनाजे में पहुंचने को लेकर भी चर्चा तेज है.

Aban Ahmad News

Aban Ahmad News

Google CTA

माफिया अतीक अहमद के सबसे छोटे बेटे आबान अहमद की गुरुवार को सड़क हादसे में मौत हो गई थी. बता दें कि आबान का शव झांसी से प्रयागराज पहुंच गया है. शव के हटवा गांव पहुंचते ही वहां बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ जुट गई. इलाके में सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल भी तैनात किया गया है. अब सभी की निगाहें आबान अहमद के जनाजे पर टिकी हैं.

यह भी पढ़ें...

झांसी से देर रात प्रयागराज लाया गया शव

6 अगस्त को झांसी में हुए सड़क हादसे में आबान अहमद की मौत हो गई थी. हादसे के बाद झांसी में देर रात पोस्टमॉर्टम किया गया. इसके बाद रात करीब 12 बजे शव को प्रयागराज के लिए रवाना किया गया. अब आबान का शव प्रयागराज के हटवा गांव पहुंच चुका है.

बताया गया कि हटवा वही गांव है, जहां अतीक अहमद के चौथे और पांचवें नंबर के बेटे एहजाम और आबान अपनी बुआ के साथ रहते थे. शव पहुंचने के बाद बुआ के घर के बाहर लोगों की भीड़ जुटी हुई है और अंतिम दर्शन का सिलसिला जारी है.

आज जुमे की नमाज के बाद होगा सुपुर्द-ए-खाक

जानकारी के मुताबिक, आबान अहमद को आज जुमे की नमाज के बाद कसारी मसारी कब्रिस्तान में सुपुर्द-ए-खाक किया जाएगा. इसी कब्रिस्तान में अतीक अहमद, उसके भाई अशरफ और बेटे असद अहमद की भी कब्रें हैं. बताया जा रहा है कि कसारी मसारी कब्रिस्तान में अतीक परिवार की पहले से पांच कब्रें मौजूद हैं और अब आबान अहमद के लिए भी कब्र तैयार कर दी गई है.

भाई अली से मिलने जा रहा था आबान

आबान अहमद झांसी जेल में बंद अपने भाई अली अहमद से मिलने जा रहा था. इसी दौरान रास्ते में कार डिवाइडर से टकरा गई, जिससे उसकी मौत हो गई.

क्या बेटे के जनाजे में पहुंचेगी शाइस्ता परवीन?

आबान अहमद के जनाजे से पहले एक और सवाल चर्चा में है कि क्या उसकी मां शाइस्ता परवीन अपने सबसे छोटे बेटे को आखिरी विदाई देने पहुंचेगी. उमेश पाल हत्याकांड के बाद से फरवरी 2023 से शाइस्ता परवीन फरार चल रही है.

वह इससे पहले न तो बेटे असद अहमद के जनाजे में पहुंची थी और न ही पति अतीक अहमद के अंतिम संस्कार में नजर आई थी. ऐसे में अब यह चर्चा है कि क्या वह आबान के जनाजे में शामिल होगी या नही.

सोनू खान का शव भी प्रयागराज पहुंचा

सड़क हादसे में आबान अहमद के साथ उसके साथी सोनू खान की भी मौत हुई थी. सोनू का शव भी प्रयागराज पहुंच चुका है. जानकारी के मुताबिक, सोनू खान का अंतिम संस्कार हटवा के कब्रिस्तान में किया जाएगा, जबकि आबान अहमद को उसके पुश्तैनी कब्रिस्तान कसारी मसारी में सुपुर्द-ए-खाक किया जाएगा.