प्रयागराज के कसारी-मसारी इलाके में कभी अतीक अहमद और उसके भाई अशरफ का घर हुआ करता था. माफिया के खिलाफ कार्रवाई के दौरान सरकार के बुलडोजर ने इस घर को ढहा दिया था और अब यहां सिर्फ मलबा और बची हुई जमीन है. इसी जगह पर अब अतीक अहमद के छोटे बेटे अबान अहमद की बॉडी लाए जाने की तैयारी की जा रही है.
ADVERTISEMENT
परिवार में किसी सदस्य की मौत होने पर बॉडी को कब्रिस्तान ले जाने से पहले कुछ देर उस घर में रखा जाता रहा है, जहां परिवार के लोग रहा करते थे. असद की बॉडी को भी इसी जगह पर लाकर रखा गया था. अब अबान अहमद की बॉडी भी यहां कुछ देर रखे जाने की बात कही जा रही है.
मलबे में तब्दील घर में लगाया गया टेंट
अबान अहमद की बॉडी रखने के लिए अतीक अहमद के पुराने घर की बची हुई जमीन पर इंतजाम किया गया है. यहां टेंट लगाया गया है और बॉडी रखने के लिए जगह तैयार की गई है. टेंट के आसपास बैरिकेडिंग की गई है और कुर्सियों का भी इंतजाम किया गया है. अबान अहमद को जानने वाले और परिवार के परिचित लोगों का यहां पहुंचना शुरू हो गया है. किसी तरह की अव्यवस्था न हो, इसके लिए मौके पर पुलिस की तैनाती भी की गई है. महिला और पुरुष दोनों पुलिसकर्मियों को लगाया गया है
अली और उमर के पैरोल की भी चर्चा
इस बीच अतीक अहमद के दो बेटों अली और उमर को पैरोल दिए जाने को लेकर भी चर्चा है. बताया गया है कि दोनों को अपने भाई के अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए इलाहाबाद हाईकोर्ट में पैरोल की अपील की गई है.
हालांकि, पैरोल को लेकर अभी किसी फैसले की पुष्टि नहीं हुई है. चर्चा है कि अगर पैरोल मिल जाता है तो अंतिम संस्कार की प्रक्रिया अगले दिन हो सकती है, क्योंकि अली और उमर को लखनऊ और झांसी से प्रयागराज आना होगा. फिलहाल हाईकोर्ट के फैसले के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी.
अतीक और अशरफ की कब्र के पास खोदी गई कब्र
अबान अहमद को प्रयागराज के कसारी-मसारी कब्रिस्तान में ही सुपुर्द-ए-खाक किया जाएगा. अबान के लिए जो कब्र खोदी गई है, वह अतीक अहमद और अशरफ की कब्र के ठीक बगल में है. इसके पीछे असद और अतीक अहमद के दादा-दादी की कब्र है. अतीक अहमद के परिवार के कई सदस्यों को इसी कसारी-मसारी कब्रिस्तान में सुपुर्द-ए-खाक किया गया है. अबान अहमद को भी इसी कब्रिस्तान में दफनाया जाएगा.
ये भी पढ़ें: आबान की मौत की खबर सुन जेल में क्या कर रहा है अतीक का बेटा अली? पता चल गई अंदर की बात
ADVERTISEMENT











