सहारनपुर में खिलाड़ियों का सम्मान समारोह, अर्जुन अवॉर्डी सुनील राणा रहे आकर्षण का केंद्र

Saharanpur Sports News: सहारनपुर में खिलाड़ियों के लिए आयोजित भव्य सम्मान समारोह में करीब 150 खिलाड़ियों को सम्मानित किया गया.अर्जुन अवॉर्डी सुनील राणा समेत कई राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों की मौजूदगी में युवाओं को खेलों से जुड़ने और नशे से दूर रहने का संदेश दिया गया.

 Saharanpur sports event

Saharanpur sports event

Newzo

• 03:45 PM • 14 Jun 2026

follow google news

Saharanpur Sports News: सहारनपुर के दिल्ली रोड स्थित होटल के आर प्लाजा में राष्ट्रीय लोक दल (रालोद) खेल प्रकोष्ठ द्वारा खिलाड़ियों के सम्मान में एक भव्य समारोह का आयोजन किया गया. कार्यक्रम का नेतृत्व राष्ट्रीय लोकदल खेल प्रकोष्ठ के राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी निरपाल ने किया. 

यह भी पढ़ें...

समारोह में राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर देश और प्रदेश का नाम रोशन करने वाले लगभग 150 खिलाड़ियों को सम्मानित किया गया. कार्यक्रम में पश्चिमी उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों से खिलाड़ी, प्रशिक्षक और खेल जगत की कई प्रमुख हस्तियां शामिल हुईं. अर्जुन अवार्ड से सम्मानित पहलवान सुनील राणा सहित कई अंतरराष्ट्रीय और एशियाई स्तर के पदक विजेता खिलाड़ियों को मंच पर सम्मानित किया गया. कुश्ती, ग्रैपलिंग, एथलेटिक्स, जूडो, कराटे समेत विभिन्न खेलों के खिलाड़ियों की उपलब्धियों की सराहना की गई.

इस अवसर पर चौधरी निरपाल ने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष जयंत चौधरी के निर्देश पर खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने और युवाओं को खेलों से जोड़ने के उद्देश्य से यह कार्यक्रम आयोजित किया गया है. उन्होंने कहा कि खेल युवाओं को अनुशासन, आत्मविश्वास और सफलता की राह दिखाते हैं तथा खेलों के माध्यम से ही देश को नई प्रतिभाएं मिलती हैं।समारोह की विशेष बात यह रही कि सभी खिलाड़ियों को नशामुक्ति की शपथ भी दिलाई गई.

खिलाड़ियों ने संकल्प लिया कि वे किसी भी प्रकार के नशे से दूर रहेंगे, स्वयं भी नशा नहीं करेंगे और दूसरों को भी इसके प्रति जागरूक करेंगे. उन्होंने यह भी शपथ ली कि खेलों के माध्यम से अपना उज्ज्वल भविष्य बनाएंगे, मेहनत और लगन के साथ खेल गतिविधियों पर ध्यान देंगे तथा देश के लिए अधिक से अधिक पदक जीतने का प्रयास करेंगे.कार्यक्रम के अंत में खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया गया और उन्हें खेलों में निरंतर आगे बढ़ते रहने के लिए प्रेरित किया गया.