Saharanpur Crime News: उत्तर प्रदेश के सहारनपुर से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है. गंगोह रोड स्थित प्रसिद्ध श्री गोगा म्हाड़ी परिसर में बने गोरक्ष गंगा सरोवर पर हिंदू संगठनों ने मोर्चा खोल दिया है. आरोप है कि नगर निगम ने एक निजी कंपनी के माध्यम से इस पवित्र धार्मिक स्थल को फन पॉइंट में तब्दील कर दिया है जिसके बाद से यहां मुस्लिम समाज के लोगों की आवाजाही अचानक बढ़ गई है. इसे धार्मिक मर्यादा का उल्लंघन बताते हुए हिंदू संगठनों ने जाहरवीर गोगा जी महाराज की प्रतिमा का गंगाजल से शुद्धिकरण किया और पूजा-पाठ की. इतना ही नहीं गोगा म्हाड़ी सुधार सभा ने प्रशासन को खुला अल्टीमेटम देते हुए कहा है कि अगर यहां गैर-सनातनियों का प्रवेश बंद नहीं हुआ तो वे मुख्य द्वारों पर गोमूत्र फव्वारा प्लांट लगाएंगे जिससे गुजरकर ही कोई अंदर जा सकेगा.
ADVERTISEMENT
CM योगी ने किया था उद्घाटन
विवाद की जड़ में वह गोरक्ष गंगा सरोवर है जिसका उद्घाटन पिछले साल खुद सूबे के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने किया था. गोगा म्हाड़ी सुधार सभा के अध्यक्ष और 26 छड़ियों की रजिस्टर्ड संस्था के चौधरी अनिल प्रताप सैनी ने आरोप लगाया कि प्रशासन ने समिति को बिना विश्वास में लिए इस पवित्र सरोवर को 'कपिल फन पॉइंट'बना दिया है. अनिल प्रताप सैनी ने तीखे लहजे में कहा 'आप यहां का वीडियो घूमकर देखिए,यहाँ इतनी बड़ी संख्या में मुस्लिम समाज के लोग आ रहे हैं कि यह पवित्र जगह अब लव जिहाद का अड्डा बन चुकी है. यह लाखों श्रद्धालुओं की आस्था का केंद्र है जहां हर साल होने वाले तीन दिवसीय मेले में देश के विभिन्न राज्यों से 10 से 12 लाख श्रद्धालु मन्नत मांगने और निशान चढ़ाने आते हैं. लेकिन अब यहाँ लोग चप्पल पहनकर और मीट खाकर आ रहे हैं जिससे म्हाड़ी की पूरी पवित्रता और मर्यादा भंग हो गई है.'
'गैर-सनातनी आया तो गेट पर होगा गोमूत्र से स्नान
धार्मिक स्थल का माहौल बदलने से नाराज हिंदू संगठनों ने आर-पार की लड़ाई का मन बना लिया है. सभा अध्यक्ष अनिल प्रताप सैनी ने साफ शब्दों में चेतावनी देते हुए कहा कि वे इस मामले को लेकर जल्द ही जिलाधिकारी और कमिश्नर से मुलाकात करेंगे. उन्होंने प्रशासन के सामने मांग रखी है कि इस परिसर में केवल और केवल सनातन धर्मावलंबियों को ही प्रवेश की अनुमति दी जाए.
सैनी ने आगे कहा 'अगर प्रशासन ने हमारी मांगें पूरी नहीं कीं तो समस्त हिंदू संगठन मिलकर म्हाड़ी के दोनों प्रवेश द्वारों पर 'गोमूत्र प्लांट' लगाएंगे. जो भी गेट के अंदर एंट्री करेगा, उसे गोमूत्र के फव्वारे से स्नान करके ही अंदर आने दिया जाएगा. इस मुहिम के लिए हम कल से ही गांव-गांव और देहात-देहात जाकर संपर्क अभियान शुरू कर रहे हैं. इस आस्था को बचाने के लिए चाहे हमें गिरफ्तारियां देनी पड़ें या गोलियां खानी पड़ें, हम पीछे नहीं हटेंगे.'
जाहरवीर गोगा जी महाराज की प्रतिमा का हुआ शुद्धिकरण
मामला तब और गंभीर हो गया जब हिंदू संगठनों के कार्यकर्ता भारी संख्या में परिसर में इकट्ठा हुए. उन्होंने परिसर में गैर-सनातनियों की मौजूदगी पर गहरी आपत्ति जताते हुए जाहरवीर गोगा जी महाराज की प्रतिमा और पूरे घाट क्षेत्र का गंगाजल और वैदिक मंत्रोचार के साथ शुद्धिकरण किया. कार्यकर्ताओं का कहना है कि मनोरंजन गतिविधियों के नाम पर धार्मिक स्थलों का व्यवसायीकरण और मर्यादा का हनन किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा.
प्रशासनिक अमले में हड़कंप
हिंदू संगठनों के इस बयान और गोमूत्र फव्वारा मशीन लगाने की घोषणा के बाद सहारनपुर के राजनीतिक और सामाजिक गलियारों में हड़कंप मच गया है. मामला दो समुदायों के बीच टकराव का रूप न ले ले इसे देखते हुए खुफिया विभाग और स्थानीय पुलिस अलर्ट पर है. हालांकि इस पूरे उपजे विवाद और फन पॉइंट के संचालन को लेकर सहारनपुर जिला प्रशासन या नगर निगम की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक बयान या प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है.
ADVERTISEMENT










