Saharanpur Road Accident: सहारनपुर के बेहट-शाकंभरी देवी मार्ग पर रविवार को एक बड़ा सड़क हादसा हो गया, कोतवाली बेहट क्षेत्र के गांव चोहड़पुर कलां के पास श्रद्धालुओं से भरी एक बस ने शादी के कार्ड बांटने जा रहे बाइक सवार दो युवकों को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी. हादसे में दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए.
ADVERTISEMENT
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी तेज थी कि बाइक सवार युवक सड़क पर दूर जा गिरे.वहीं बस चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा, जिसके बाद बस सड़क किनारे खड़े एक विद्युत पोल से टकरा गई और फिर पास के बाग में जा घुसी. हादसे के समय बस में बड़ी संख्या में श्रद्धालु सवार थे, लेकिन राहत की बात यह रही कि किसी भी यात्री को गंभीर चोट नहीं आई.
घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली बेहट प्रभारी निरीक्षक जितेंद्र कुमार दीक्षित पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे.पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को तत्काल उपचार के लिए 108 एंबुलेंस के माध्यम से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) बेहट भिजवाया. चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद दोनों युवकों की हालत गंभीर देखते हुए उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया.
जानकारी के अनुसार घायल युवक थाना चिलकाना क्षेत्र के निवासी बताए जा रहे हैं और किसी पारिवारिक कार्यक्रम के लिए शादी के निमंत्रण पत्र बांटने जा रहे थे. हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई. पुलिस ने बस को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है. दुर्घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है तथा चालक से भी पूछताछ की जा रही है.
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी. हादसे के बाद क्षेत्र में कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित रहा, जिसे बाद में पुलिस ने सुचारु कराया.
ADVERTISEMENT










