Saharanpur smart meter news :नगर क्षेत्र और आसपास के 32 गांवों में हाल ही में आए आंधी-तूफान के बाद लंबे समय तक बिजली आपूर्ति बाधित रहने तथा विद्युत पोल और स्मार्ट मीटरों से जुड़ी समस्याओं को लेकर पार्षदों के एक प्रतिनिधिमंडल ने कार्यकारिणी सदस्य मंसूर बदर के नेतृत्व में विद्युत विभाग के अधिकारियों से मुलाकात की.
ADVERTISEMENT
प्रतिनिधिमंडल ने अधीक्षण अभियंता रामसुरेश वर्मा और अधिशासी अभियंता अवधेश कुमार के समक्ष उपभोक्ताओं की समस्याएं रखीं. बैठक में अधिकारियों ने बताया कि जल्द ही नए पोस्टपेड स्मार्ट मीटर लगाए जाएंगे, जिनमें कई आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध होंगी. उपभोक्ता इन मीटरों को मोबाइल की तरह संचालित कर सकेंगे तथा बिजली का फेज जाने, तकनीकी खराबी या अन्य समस्याओं की सूचना सीधे संदेश के माध्यम से प्राप्त और भेज सकेंगे. अधिकारियों ने आश्वासन दिया कि नई व्यवस्था से पारदर्शिता बढ़ेगी और मीटर रीडरों द्वारा होने वाले कथित शोषण से भी राहत मिलेगी.
कार्यकारिणी सदस्य मंसूर बदर ने स्मार्ट मीटरों की कार्यप्रणाली और फीचर्स की विस्तृत जानकारी प्राप्त की तथा सुझाव दिया कि गरीब, मजदूर और सामान्य उपभोक्ताओं के हितों का विशेष ध्यान रखा जाए. इस दौरान पार्षद समीर अंसारी ने मानकमऊ ईदगाह ट्रांसफार्मर के आगे छह नए विद्युत पोल लगाने की मांग रखी. पार्षद सईद सिद्दीकी ने हरनाथपुरा क्षेत्र में ट्रांसफार्मर और पोलों की समस्या उठाई, जबकि पार्षद गुलज़ेब खान ने अपने वार्ड में झूल रहे बिजली के तारों को दुरुस्त कराने की मांग की.
इसके अलावा पार्षद इज़हार मंसूरी और जफर अंसारी ने घरों के ऊपर से गुजर रही 11 हजार वोल्ट लाइन और विद्युत पोलों को शिफ्ट कराने का मुद्दा उठाया. अधिकारियों ने सभी समस्याओं के समाधान का आश्वासन दिया. बैठक में पार्षद आसिफ अंसारी, रईस पप्पू, महमूद हसन, डॉ. मंसूर, मेनपाल, कंपनी के पीआर दीपक त्यागी सहित अन्य गणमान्य लोग एवं विद्युत विभाग के कर्मचारी मौजूद रहे.
ADVERTISEMENT










