Ballia News: उत्तर प्रदेश के बलिया में विश्व रक्तदाता दिवस के अवसर पर जिला चिकित्सालय एवं रेडक्रॉस सोसायटी के संयुक्त तत्वावधान में रविवार को जिला अस्पताल स्थित ब्लड बैंक में रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया. शिविर का शुभारंभ उत्तर प्रदेश सरकार के आयुष मंत्री एवं जनपद के प्रभारी मंत्री दयाशंकर मिश्र दयालु ने फीता काटकर किया.
ADVERTISEMENT
इस अवसर पर अपने संबोधन में प्रभारी मंत्री ने कहा कि रक्त मानव जीवन का अमूल्य आधार है, आधुनिक चिकित्सा विज्ञान में दुर्घटनाओं, प्रसव, बड़ी शल्य चिकित्सा, कैंसर, थैलेसीमिया, हीमोफीलिया सहित कई गंभीर परिस्थितियों में रक्त की आवश्यकता पड़ती है. ऐसे समय में स्वैच्छिक रक्तदाता किसी अज्ञात व्यक्ति के लिए जीवनदाता बनकर सामने आते हैं.
उन्होंने कहा कि निस्वार्थ भाव से रक्तदान करने वाले रक्तदाताओं के सम्मान तथा लोगों को रक्तदान के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से प्रतिवर्ष 14 जून को विश्व रक्तदाता दिवस मनाया जाता है.
जिलाध्यक्ष संजय मिश्रा ने कहा कि विश्व रक्तदाता दिवस का आयोजन विश्व स्वास्थ्य संगठन द्वारा वर्ष 2004 से किया जा रहा है. उन्होंने बताया कि 14 जून नोबेल पुरस्कार विजेता वैज्ञानिक कार्ल लैंडस्टीनर की जयंती है, जिन्होंने रक्त समूहों की खोज कर चिकित्सा विज्ञान में क्रांतिकारी योगदान दिया था. उनके सम्मान में ही इस दिन को विश्व रक्तदाता दिवस के रूप में मनाया जाता है.
जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह ने कहा कि रक्तदान को महादान कहा जाता है, क्योंकि इससे किसी व्यक्ति को नया जीवन मिल सकता है. उन्होंने बताया कि एक यूनिट रक्त से तीन अलग-अलग मरीजों की सहायता की जा सकती है. रक्त का कोई कृत्रिम विकल्प नहीं है और इसे केवल स्वस्थ व्यक्ति के रक्तदान से ही प्राप्त किया जा सकता है. इसलिए नियमित और स्वैच्छिक रक्तदान समाज के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है.
जिले कुल 20 व्यक्तियों ने रक्तदान किया, कार्यक्रम के दौरान सभी स्वैच्छिक रक्तदाताओं को प्रभारी मंत्री ने प्रशस्ति-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया. साथ ही मानव सेवा एवं जनकल्याण के लिए रक्तदान करने वाले सभी रक्तवीरों का अभिनंदन किया गया. सहयोगी स्वयंसेवी संस्थाओं एवं मेडिकल स्टाफ को भी प्रशस्ति-पत्र देकर सम्मानित किया गया. सम्मानित होने वालों में डॉ. रितेश सोनी (ब्लड बैंक प्रभारी), डॉ. वसुंधरा सिन्हा, डॉ. दीपक गुप्ता, डॉ. संतोष चौधरी, रेडक्रॉस से शैलेन्द्र पाण्डेय, अमर उजाला फाउंडेशन तथा एनसीसी सहित विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधि शामिल रहे. साथ ही मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुजीत यादव ने सभी अतिथियों, रक्तदाताओं एवं सहयोगी संस्थाओं के प्रति आभार व्यक्त किया.
ADVERTISEMENT










