Ballia Viral Video: उत्तर प्रदेश के बलिया जनपद के दोकटी थाना क्षेत्र के जमीन बढ़ी गांव में उस वक्त सनसनी फैल गई, जब जमीन विवाद और आम तोड़ने के मामूली विवाद ने खूनी रूप ले लिया, विवाद के दौरान का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. दबंगो ने लाठी-डंडों के साथ -साथ कुल्हाड़ी और दाव से जानलेवा हमला कर दिया. इस हमले में एक युवक गंम्भीर रूप से घायल हो गया, जिसे नाजुक हालत में जिला अस्पताल रेफर किया गया है.
ADVERTISEMENT
पीड़ित परिवार के अनुसार, गांव में जमीन को लेकर दबंग पड़ोसियों से लंबे समय से विवाद चल रहा है. मामले की गंभीरता को देखते हुए डीएम के आदेश पर जमीन की पैमाइश यानी नापी होनी थी. इसी बीच आरोपियों ने पीड़ित पक्ष के पेड़ से आम तोड़ना शुरू कर दिया जब पीड़ित परिवार ने इसका विरोध किया तो दबंग आग बबूला हो गए. देखते ही देखते करीब आधा दर्जन की संख्या में आए दबंगों ने कुल्हाड़ी, दाव, लाठी-डंडे और ईट पत्थर से हमला बोल दिया.
पुलिस पर तहरीर बदलने का संगीन आरोप
घटना की सूचना मिलते ही एंबुलेंस मौके पर पहुंची और घायल को तत्काल सोनबरसा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया. हालत गंभीर होने के कारण डॉक्टरों ने उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया जहां उसका उपचार चल रहा है. पीड़ित परिवार ने स्थानीय पुलिस पर गंभीर आरोप लगाए हैं. आरोप है कि पुलिस ने दबाव में आकर उनकी ओर से दी गई तहरीर को बदल दिया है. आरोप है कि तहरीर में बेहोश होने वाली बात को हटाकर उसे दूसरी तहरीर लिखवाई गई है.
जान से मारने की धमकी से सहमा परिवार
जिला अस्पताल में इलाज करा रहे घायल युवक के भाई राजू कुमार कुशवाहा का कहना है कि दबंग पड़ोसी अब उन्हें जान से मारने की धमकी दे रहे हैं. जिससे पूरा परिवार खौफ के साए में जीने को मजबूर है. बताया हमने विरोध किया तो दबंगों ने कुल्हाड़ी और दाव से हमला कर दिया. मेरा भाई लहू लुहान होकर बेहोश हो गया. पुलिस हमारी मदद करने के बजाय हमारी तहरीर बदल रही है और आरोपी खुलेआम धमकी दे रहे हैं. फिलहाल पीड़ित परिवार ने उच्च अधिकारियों से न्याय की गुहार लगाई है पुलिस की भूमिका को लेकर उठे सवालों के बाद अब देखना होगा कि इस मामले में आगे क्या कार्रवाई होती है.
ADVERTISEMENT










