Yoga Day in Ballia: उत्तर प्रदेश के बलिया में आगामी 21 जून को आयोजित होने वाले अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की तैयारियों को लेकर जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह ने शुक्रवार को विकास भवन सभागार में जिला स्तरीय अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की. बैठक में उन्होंने योग दिवस को जिलेभर में व्यापक स्तर पर मनाने के निर्देश दिए.
ADVERTISEMENT
जिलाधिकारी ने कहा कि जिले की सभी ग्राम पंचायतों, विकास खंडों तथा तहसीलों में योग दिवस का आयोजन किया जाएगा. उन्होंने जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी को निर्देशित किया कि सभी प्राथमिक एवं उच्च प्राथमिक विद्यालयों में योग दिवस कार्यक्रम आयोजित किया जाए, जिसमें छात्र- छात्राओं के साथ उनके अभिभावक, शिक्षक एवं अन्य लोग भी शामिल हों. उन्होंने विद्यालयों में कार्यक्रम की तैयारियां समय रहते पूरी करने के निर्देश दिए.
जिला विद्यालय निरीक्षक को भी सभी माध्यमिक विद्यालयों में विद्यार्थियों एवं उनके अभिभावकों की सहभागिता के साथ योग दिवस मनाने के निर्देश दिए गए. वहीं, नगर पालिका एवं नगर पंचायत क्षेत्रों में भी योग दिवस आयोजन सुनिश्चित करने के लिए अधिशासी अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए.
जिलाधिकारी ने आयुर्वेदिक अधिकारी को निर्देश दिया कि अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के प्रति जन जागरूकता बढ़ाने के लिए सभी ग्राम पंचायतों में व्यापक प्रचार-प्रसार कराया जाए तथा होर्डिंग्स भी लगाई जाएं. उन्होंने बताया कि योग दिवस का कार्यक्रम प्रातः 6:30 बजे से 08 बजे तक आयोजित किया जाएगा. जिलाधिकारी ने सभी जिला स्तरीय अधिकारियों को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि 21 जून को जिले के पुलिस लाइन परिसर में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस का मुख्य एवं भव्य कार्यक्रम आयोजित होगा.
इस कार्यक्रम में सभी जिला स्तरीय अधिकारियों की उपस्थिति अनिवार्य रहेगी. उन्होंने स्पष्ट किया कि आयोजन को लेकर किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी. बैठक में सीडीओ ओजस्वी राज एवं समस्त जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे.
ADVERTISEMENT










