बाराबंकी तीसरी रेलवे लाइन तैयार, चौकाघाट स्टेशन पर बढ़ीं सुविधाएं और रफ्तार

Barabanki railway news: बाराबंकी के चौकाघाट रेलवे स्टेशन की तस्वीर पूरी तरह बदल गई है. नई रेलवे लाइन, आधुनिक स्टेशन भवन, फुटओवर ब्रिज और सोलर लाइट जैसी सुविधाओं के साथ अब यह स्टेशन यात्रियों को बेहतर अनुभव देने के लिए तैयार है. सबसे बड़ी बात, तीसरी रेलवे लाइन का निर्माण भी पूरा हो चुका है, जिसका जल्द ट्रायल होने वाला है.

Barabanki railway news

Barabanki railway news

Newzo

• 03:59 PM • 14 Jun 2026

follow google news

Barabanki railway news: बाराबंकी जिले के तहसील रामनगर क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले चौकाघाट रेलवे स्टेशन का रेलवे विभाग द्वारा तेजी से कायाकल्प किया गया है, स्टेशन परिसर में कराए गए विभिन्न विकास कार्यों के बाद अब स्टेशन का स्वरूप पूरी तरह बदल गया है. नए स्टेशन भवन, प्लेटफार्म, फुट ओवरब्रिज, मजबूत बाउंड्री वॉल और तीसरी रेलवे लाइन के निर्माण से यात्रियों को बेहतर सुविधाएं मिलने लगी हैं.

यह भी पढ़ें...

रेलवे विभाग द्वारा चौकाघाट रेलवे स्टेशन पर नया स्टेशन रूम तैयार कराया गया है. इसके साथ ही यात्रियों की सुविधा को देखते हुए प्लेटफार्म का विस्तार, फुट ओवरब्रिज का निर्माण और अन्य जरूरी व्यवस्थाएं पूरी की गई हैं. स्टेशन परिसर में कई सोलर लाइटें भी लगाई गई हैं, जिससे रात के समय पूरा स्टेशन जगमग दिखाई देता है.

रेलवे विभाग ने संचार व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के लिए स्टेशन के पास एक टावर भी स्थापित किया है. इससे रेलवे की संचार प्रणाली को सुचारु रूप से संचालित करने में मदद मिलेगी. विकास कार्यों के बाद स्टेशन का वातावरण पहले की अपेक्षा अधिक सुविधाजनक और आकर्षक हो गया है.

जनसंपर्क अधिकारी महेश कुमार गुप्ता ने बताया कि चौकाघाट रेलवे स्टेशन पर रेलवे विभाग द्वारा कई महत्वपूर्ण कार्य कराए गए हैं, तीसरी रेलवे लाइन का निर्माण पूरा हो चुका है, जिसका जल्द ही ट्रायल किया जाएगा. उन्होंने बताया कि यात्रियों की सुविधा और रेलवे संचालन को बेहतर बनाने के उद्देश्य से लगातार कार्य किए जा रहे हैं.

स्टेशन अधीक्षक प्रदीप कुमार ने बताया कि स्टेशन पर नया टिकट घर बनाया गया है. इसके अलावा फुट ओवरब्रिज, फुटपाथ और नई रेलवे लाइन का निर्माण कराया गया है, इन सुविधाओं से यात्रियों को काफी राहत मिलेगी.

स्थानीय निवासी सत्ती अवस्थी, रामकुमार शुक्ला, सुरेश कुमार, महेंद्र तिवारी और सुधीर त्रिवेदी ने बताया कि चौकाघाट रेलवे स्टेशन पर पहले की तुलना में काफी विकास हुआ है, अब स्टेशन सुंदर और व्यवस्थित दिखाई देता है. लखनऊ-गोंडा पैसेंजर ट्रेन का संचालन शुरू होने से यात्रियों को आवागमन में काफी सुविधा मिल रही है और प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोग इसका लाभ उठा रहे हैं.